लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को वायुसेना के 15 लड़ाकू और दो परिवहन विमान टच डाउन करेंगे यानी जमीन को छूकर आसमान में उड़ जाएंगे। ऐसा पहली बार होगा कि जब उन्नाव के पास बांगरमऊ हाईवे पर 17 विमान हाईवे को छुएंगे। एक्सप्रेस-वे बनने के दौरान वायुसेना के अनुरोध पर चार किमी का पैच रनवे की तरह ही तकनीकी तौर पर मजबूत बनाया गया था।
एक्सप्रेस-वे पर वायुसेना के फाइटर प्लेनों की लैंडिंग भारतीय वायुसेना के इतिहास में दर्ज होगी क्योंकि मंगलवार को भारतीय वायुसेना की 85वीं सालगिरह है। इस मौके पर एक्सप्रेस-वे पर फ्लाई पास्ट में लड़ाकू विमानों के साथ विंटेज विमानों की भी लैंडिंग कराई जाएगी।
पिछले साल भी वायुसेना के 8 लड़ाकू विमानों ने इसी जगह एक्सप्रेस-वे पर और 2015 में मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर भी वायुसेना के लड़ाकू विमान मिराज 2000 ने टच डाउन किया था। वैसे जिस जगह पर लड़ाकू विमान को टच डाउन कराया गया था वह एक तरह से आम सड़क के साथ रनवे भी है।
उसे खासतौर पर रनवे की तरह बनाया गया है कि वह लड़ाकू विमान का दबाव झेल सके। देश में ऐसा प्रयोग पहली बार 2015 में किया गया था, जब वायुसेना के मिराज लड़ाकू विमान ने किसी राजमार्ग पर टच डाउन किया था।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।