गुजरात के दाहोद में हिंसा, पुलिस की गोली से एक किसान की मौत
(India) कथित तौर पर पुलिस हिरासत में पिटाई से हुई मौत के बाद गुजरात के दाहोद के गरबडा तालुका में गुरुवार (26 अक्टूबर) को हुई हिंसा में पुलिस की गोली से एक किसान की मौत हो गयी। कथित तौर पर हिरासत में पिटाई से हुई मौत के बाद आदिवासी बहुल गांव चिलाकोटा के क्रोधित गांववालों ने पुलिस थाने का घेराव किया। गांववाले दोषी पुलिस वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए गोली चलाई जिससे एक किसान घायल हो गया। गोली किसान के सिर में लगी थी। किसान की मौत के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। बुधवार (25 अक्टूबर) को चुनाव आयोग ने राज्य में आगामी विधान सभा चुनाव के लिए मतदान की तारीखों की घोषणा की थी।
सूत्रों के अनुसार पुलिस क्राइम ब्रांच ने कनेश गमरा (31) को गुरुवार को रात को डेढ़ बजे के करीब पूछताछ के लिए ले गयी। पुलिस गमरा से उसके भाई के बारे में पूछताछ कर रही थी जो डकैती के एक मामले में आरोपी है। गमरा के साथ एक और व्यक्ति को पुलिस लेकर गयी थी। रात को करीब तीन बजे पुलिस ने उन दोनों को छोड़ा। उसके करीब एक घंटे बाद ही गमरा की मौत हो गयी। गांववाले सुबह सात बजे गमरा का शव लेकर जेसावाड़ा पुलिस थाने पहुंचे। गांववाले गमरा से पूछताछ में शामिल पुलिसवालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किए जाने की मांग कर रहे थे।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।