गोवा के मडगांव स्टेशन से चलकर पटना जानेवाली वास्को डि गामा-पटना एक्सप्रेस की 13 बोगियां पटरी से उतर गईं। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मानिकपुर रेलवे स्टेशन के पास सुबह 4:18 बजे हुए इस हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई जबकि 13 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हमारे संवाददाता आशीष ने खबर दी है कि उत्तर प्रदेश के एडीजी (लॉ ऐंड ऑर्डर) के मुताबिक पहली नजर में लग रहा है कि ट्रेन की बोगियां रेलवे ट्रैक में दरार होने की वजह से उतरी हैं। इस बीच रेलवे ने मृतकों के परिवार वालों को पांच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को एक लाख तथा घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। मरने वालों में बेतिया के पिता-पुत्र शामिल हैं जिनकी पहचान दीपक और रामस्वरुप के तौर पर हुई है। तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे में स्लीपर डिब्बों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेन्द्र सिंह ने बताया कि गोवा से पटना जाने वाली 12741 वास्को डि गामा एक्सप्रेस तड़के करीब सवा 4 बजे मानिकपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म फॉर्म संख्या-2 से गुजर रही थी। ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म से कुछ दूर आगे बढ़ी, उसके 13 डिब्बे पटरी से उतर गए। घायलों में 2 की हालत गंभीर है, जिन्हें जिले के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। अन्य घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।