गुजरात चुनाव : दूसरे चरण की 93 सीटों पर मतदान जारी
(India) गुजरात विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के लिए आज मतदान किया जा रहा है। वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 5 पांच बजे तक चलेगी। इस चरण में 93 सीटों पर मतदान किया जा रहा है। हार्दिक पटेल ने वीरमगाम में अपना वोट डाला। इसके अलावा डिप्‍टी सीएम नितिन पटेल ने भी मेहसाना के कड़ी में वोट दिया। वित्‍त मंत्री अरुण जेटली ने वोट डालने के बाद गुजरात के लोगों से बड़ी संख्‍या में मतदान की अपील की।
गांधीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरोबेन ने सुबह-सुबह मतदान किया। इसके अलावा पूर्व सीएम आनंदीबेन पटेल ने भी अहमदाबाद में अपना वोट डाला। पाटीदार आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल के माता-पिता पूजा करते नजर आए।
वोटिंग के लिए 25,558 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इस चरण में कुल 851 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 782 पुरुष और 69 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक दूसरे चरण में कुल 2 करोड़ 22 लाख 96,867 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या एक करोड़ 15 लाख 47,435 और महिला मतदाताओं की संख्या एक करोड़ सात लाख 48,977 है। 9 दिसंबर को पहले चरण की 89 सीटों पर बंपर वोटिंग हुई थी, जिसमें 66.75 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। उम्मीद है कि इस चरण में भी लोग जमकर मतदान करेंगे।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।