(India)
गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनावों में जीत के बाद आज बीजेपी के संसदीय दल की पहली बैठक हो रही है। इस बैठक में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे हैं। संसद परिसर स्थित लाइब्रेरी बिल्डिंग में पीएम के पहुंचते ही बीजेपी नेताओं ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने सभी का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जीत का लड्डू पीएम को खिलाया। उधर, बैठक में ही केंद्रीय मंत्री कृष्णाराज की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया है। बीजेपी के संसदीय दल की बैठक ऐसे समय में हो रही है जब एक तरफ तो दो राज्यों में बीजेपी को शानदार जीत मिली है तो वहीं संसद के शीतकालीन सत्र में कांग्रेस उसे घेरने की कोशिश कर रही है। ऐसे में यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मनमोहन सिंह पर आरोप लगने के बाद कांग्रेस बीजेपी से माफी मंगवाने पर अड़ी है। इस बैठक में गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, रविशंकर प्रसाद समेत पार्टी के सभी सांसद मौजूद हैं। दिलचस्प यह है कि आज ही कांग्रेस के सांसदों की भी बैठक होने वाली है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।