डीएमआरसी के मुताबिक उद्घाटन के बाद सोमवार शाम 5 बजे से यह लाइन आम यात्रियों के लिए खोल दी जाएगी।
उद्घाटन के बाद सीएम योगी ने कहा कि इस वित्त वर्ष के अंत तक हम नोएडा ग्रेटर नोएडा के 80 हजार फ्लैट बायर्स को उनका घर दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि जातिवाद सम्प्रदायवाद और वंशवाद की राजनीती यूपी से खत्म की जाएगी। इसके साथ ही कानपुर और आगरा में इसी वित्तीय वर्ष में मेट्रो का निर्माण शुरू होगा। पूर्वांचल और बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस वे का निर्माण शुरू होगा। योगी ने कहा कि गन्ना किसानों को 14 दिनों में भुगतान हो रहा है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बिल्डर्स के माध्यम से लूट हो रही थी। वो बंद हो गई है।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने ही मुझे गोद लेकर मेरा लालन-पालन किया है और मेरी नई जिम्मेदारियों के लिए मुझे ढाला है। आगे उन्होंने कहा कि मेरे देश में कोई विषय ऐसा नहीं जिस पर राजनीति का रंग ना लगाया जाए। इसी कारण कई बार विकास के काम भी राजनीतिक तौर पर देखते हैं।
यात्री इस लाइन पर कालकाजी से बॉटनिकल गार्डन के बीच मेट्रो से सफर कर सकेंगे। 12 किलोमीटर लंबा यह सफर लगभग 18 मिनट में पूरा होगा। फिलहाल डीएमआरसी ने इस लाइन पर 10 मेट्रो चलाने का फैसला किया है। दो मेट्रो को बॉटनिकल गार्डन और कालकाजी में रिजर्व रखा जाएगा। जरूर पड़ने पर इन ट्रेनों को भी चलाया जाएगा। अभी प्रत्येक 5 मिनट पर मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। भविष्य में यह समय घटकर डेढ़ से दो मिनट के बीच हो जाएगा। अभी इस लाइन पर मेट्रो केवल 9 स्टेशनों का सफर तय करेगी। जून 2018 से 38 किलोमीटर लंबी मैजेंटा लाइन पूरी खुल जाएगी। इसके बाद जनकपुरी पश्चिम से बॉटनिकल गार्डन के बीच कुल 25 मेट्रो स्टेशन होंगे।
मैजेंटा लाइन पर कालकाजी-बोटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन रूट सोमवार से शुरू हो जाएगा। इससे दक्षिणी दिल्ली फरीदाबाद और नोएडा के लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि दिल्ली के बड़े हिस्से और गुरुग्राम वालों को इस लाइन पर हौजखास मेट्रो के आरंभ होने से फायदा होगा। मैजेंटा लाइन पर हौजखास में इंटरचेंज बनने के बाद नोएडा से गुरुग्राम की दूरी 90 से घटकर 50 मिनट रह जाएगी। इस लाइन के बाद गुरुग्राम से येलो लाइन के जरिए आपको राजीव चौक तक आकर ब्लू लाइन में बैठने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
लोग हौजखास मेट्रो स्टेशन से ही मेट्रो बदल पाएंगे और मैजेंटा लाइन के जरिए सीधा बोटेनिकल गार्डन तक पहुंच जाएंगे। इस नए रूट के शुरू होने के बाद नोएडा और गुरुग्राम के बीच 9 स्टेशन कम पार करने होंगे। बोटेनिकल गार्डन से हौजखास मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने में अभी कुल 22 स्टेशन पार करने पड़ते हैं। इनमें 9 स्टेशन येलो लाइन पर और 13 स्टेशन ब्लू लाइन मेट्रो पर होते हैं।
लेकिन नई लाइन शुरू होने के बाद हौजखास मेट्रो स्टेशन से केवल 13वां स्टेशन बोटेनिकल गार्डन होगा। इस लाइन के पूरी तरह शुरू होने से जनकपुरी पश्चिम से बोटेनिकल गार्डन तक जाने के लिए लोगों के पास दो विकल्प मौजूद होंगे। वह ब्लू लाइन या मैजेंटा लाइन को इस सफर के लिए चुन सकते हैं।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।