पाक की बदसलूकी पर भड़का भारत: जाधव की पत्नी और मां का मंगलसूत्र बिंदी चूड़ियां उतरवाई गईं
(DELHI, DELHI) पाकिस्तान ने जिस तरह से कुलभूषण जाधव की मुलाकात उसके परिवार से कराई उस पर भारत ने कड़ा ऐतराज जताया है। मुलाकात को लेकर कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस मुलाकात को लेकर कहा भारत बड़े दुख के साथ यह बता रहा है कि पाकिस्तान ने जिस प्रकार कुलभूषण जाधव और उनके परिवार के बीच मुलाकात करायी वह इस्लामाबाद द्वारा हमारी परस्पर समझ के सिद्धांतों का उल्लंघन है।
विदेश मंत्रालय ने कहा सुरक्षा एहतियात के तहत जाधव परिवार के सांस्कृतिक और धार्मिक भावनाओं का सम्मान नहीं किया गया मंगलसूत्र भी उतारने को कहा गया। बिंदी और चूड़ियां उतरवाई गईं। साथ ही उनके कपड़े भी बदलवाए गए।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि जाधव जैसे दिख रहे थे उससे उनके स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर भी सवाल उठते हैं। मुलाकात के संबंध में भारत को जो फीडबैक मिला है उसके अनुसार लगता है कि जाधव बहुत ज्यादा तनाव में थे और दबाव के वातावरण में बात कर रहे थे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि पाकिस्तानी अधिकारियों की तरफ से कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी के कपड़े बदलवाए गए प्रेस को उनके करीब आने दिया। साथ ही कुलभूषण जाधव को उनके परिवार के साथ मराठी में बात भी नहीं करने दी गई।
यही नहीं कई बार मांग रखने के बाद उन्होंने जाधव की पत्नी के जूते भी वापस नहीं किए।
पाकिस्तान में जाकर सोमवार को कुलभूषण जाधव से मिली उनकी पत्नी चेतनकुल और मां अवंतिका ने मंगलवार को नई दिल्ली में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान विदेश सचिव एस जयशंकर और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार भी मौजूद थे।
जाधव पाकिस्तान की जेल में बंद है। उन्हें पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने जासूसी और विध्वंसकारी साजिशें रचने के जुर्म में मौत की सज़ा दी है। कई महीनों तक पाकिस्तान से कहने के बाद उसने जाधव को उसके परिवार को मिलने की इजाजत दी। लेकिन सोमवार को जाधव और उनके परिवार के बीच जिस तरह शीशे का ग्लास लगाकर मुलाकात करायी गई उसके बाद से पाकिस्तान की नीयत पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं कि ये मुलाकात थी या मजाक।
वैसे पाकिस्तान की तरफ से बाद में यह साफ किया गया कि बीच में शीशे का ग्लास सुरक्षा के चलते लगाया गया था और इस बात की पहले से जाधव को जानकारी थी। पाकिस्तान ने कहा कि यह आखिरी मुलाकात नहीं थी लेकिन उसने जाधव को भारत के आतंक का चेहरा करार दिया।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।