राज्यसभा मे उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने मंत्रियों से कहा-विनती न करें
(DELHI, DELHI) राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने आज मंत्रियों को फिर यह सुझाव दिया कि वे सरकारी दस्तावेजों को सदन के पटल पर रखते समय विनती शब्द का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कृपया विनती मत करिए। गौरतलब है कि मंत्री सदन के पटल पर सरकारी दस्तावेज रखते समय कहते हैं मैं आज की कार्यसूची में मेरे नाम के समक्ष लिखे दस्तावेजों को सदन के पटल पर रखने की विनती करता हूं।
नायडू ने वर्तमान शीतकालीन सत्र शुरू होने के पहले ही दिन मंत्रियों को विनती करने की साम्राज्यवादी सोच को छोड़ देने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा था मंत्री कह सकते हैं मेरे नाम के समक्ष उल्लिखित दस्तावेज सदन के पटल पर रखने के लिए मैं खड़ा हुआ हूं।
बहरहाल आज जब विधि राज्य मंत्री पी पी चौधरी ने दस्तावेज रखते समय निवेदन शब्द का इस्तेमाल किया तो उन्होंने अपने सुझाव की याद दिलाई। नायडू ने चौधरी से कहा कृपया विनती मत करिए।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हो सकता है कि जब पहले उन्होंने यह सुझाव दिया हो तो चौधरी सदन में उपस्थित नहीं रहे हों। बाद में जब चौधरी ने अन्य दस्तावेज सदन के पटल पर रखे तो उन्होंने इस शब्द का प्रयोग नहीं किया।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।