राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को रविवार सुबह कंट्रोल से सूचना मिली कि शताब्दी एक्सप्रेस में संदिग्ध कश्मीरी युवक सवार है। ट्रेन सुबह 08:03 बजे मथुरा जंक्शन पहुंची। ट्रेन के सी-6 कोच में सवार संदिग्ध को जीआरपी ने टीसी के इंगित करने पर हिरासत में ले लिया। सुरक्षा एजेंसियों की गिरफ्त में आने पर युवक ने गूंगा-बहरा होने का नाटक किया। तमाम प्रयासों के बाद भी थाने पर वह काफी देर तक कुछ नहीं बोला। इस दौरान तलाशी में उसके पास से आधार कार्ड मिला, उसमें उसका नाम बिलाल अहमद वानी पुत्र रमजान अहमद वानी निवासी दिलगांव, अनंतनाग लिखा था। सूचना पर सेना खुफिया विभाग की टीम, आईबी और एलआईयू की टीम जीआरपी थाने पहुंच गईं। टीमों के अफसरों ने उससे पूछताछ शुरू की। सख्ती होते ही युवक बोलने लगा। शाम करीब पांच बजे एटीएस के एसपी ब्रजेश श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ उससे पूछताछ करने पहुंचे। एटीएस टीम भी उससे दो घंटे तक पूछताछ करती रही। बाद में शाम सात बजे एटीएस उसको गोपनीय स्थान पर लेकर चली गई। एटीएस एसपी ने बताया कि संदिग्ध युवक से पूछताछ की जा रही है। दिल्ली में रह गए हैं दो साथी
संदिग्ध युवक ने पूछताछ में सुरक्षा एजेंसियों को अपने दो साथियों के बारे में बताया। उसने बताया कि उसके साथी दिल्ली के किसी होटल में ठहरे हुए हैं। वे गणतंत्र दिवस पर किसी साजिश को अंजाम देने वाले हैं। साथ ही उसने यह भी बताया कि वह उनके साथ बतौर ड्राइवर आया था। बताते हैं कि वह किसी प्रकार निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचा। जहां उसने अपना मोबाइल फोन और सिम तोड़ कर फेंक दिया। सूत्रों ने बताया कि एक सिम उसके पास से मिला है, जिसके बारे में जांच एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं।
संदिग्ध ने पूछताछ के दौरान कोडवर्ड की जानकारी दी है। उसने बताया कि उसे सलमान, केटरीना और टाइगर जिंदा है व फेक करेंसी जैसे कोड दिए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि वह कैटरीना से मिल भी चुका है। इन कोड का क्या मतलब है, इस बारे में खुफिया विभाग की टीमें जुटी हैं। वहीं जंक्शन से पकड़े गए संदिग्ध कश्मीरी युवक से पूछताछ में लालकिले का नाम आने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप है। उसने बताया कि सलमान-कैटरीना आएंगे, लालकिले ले जाएंगे। इसका मतलब समझने की कोशिश में जांच एजेंसियां लगी हैं। पूछताछ में बिलाल अहमद ने टाइगर जिंदा है फिल्म का जिक्र किया। बताया कि फिल्म की तर्ज पर सलमान और कैटरीना आएंगे और मुझे लाल किले पहुंचाएगे। इस बात से खुफिया एजेंसियों में हड़कंप मचा हुआ है। खुफिया एजेंसियों का मानना है कि लालकिले पर गणतंत्र दिवस के मौके पर कार्यक्रम होना है। ऐसे में उसकी किसी भी बात को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। सूत्र बताते हैं कि संदिग्ध कभी-कभी पागलों जैसी हरकत भी करने लगता था। एटीएस की टीम युवक को आगरा ले गई है। वहीं उससे पूछताछ चल रही है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।