जम्मू में सेना के कैंप पर आतंकी हमला
(India) जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। आतंकियों ने जम्मू-पठानकोट हाईवे पर सुंजवां आर्मी कैंप को निशाना बनाया है। सुबह 5 बजे के आसपास हुए आतंकी हमले में एक जेसीओ सहित एक जवान शहीद हो गया है, जबकि सात लोगों के घायल होने की खबर आ रही है। इनमें सेना के एक मेजर, दो जेसीओ, दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन को सुंजुवां में चल रहे ऑपरेशन और हालिया स्थिति के बारे में जानकारी दी है। इस बीच गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर के डीजीपी से बात की है। डीजीपी एसपी वैद्य ने आतंकी हमले के बारे में गृहमंत्री को पूरी जानकारी दी है। गृह मंत्रालय पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। आतंकियों के खात्मे के लिए सेना का ऑपरेशन जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 3-4 आतंकी कैंप की जाली काटकर रिहाइशी इलाके में अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने गोलीबारी शुरू की। आतंकियों के इस हमले का क्विक रेस्पांस टीम ने भी जवाब दिया। हालांकि, अभी तक आतंकियों को न्यूट्रलाइज किए जाने की खबर नहीं आई है। ताजा जानकारी के मुताबिक, ये सभी आतंकी आर्मी कैंप के रिहायशी इलाके में छिपे हुए हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।