(India)
देश में हजारों करोड़ का घोटाला सामने आने के बाद वित्तीय फर्जीवाड़े की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। अब पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के दामाद भी घोटाले के लपेटे में आ गए हैं। गाजियाबाद स्थित सिंभावली शुगर्स लिमिटेड से जुड़े बैंक फ्रॉड मामले में सीबीआई ने पंजाब के सीएम के दामाद और सिंभावली शुगर्स के डीजीएम गुरपाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। उनके अलावा 12 अन्य आरोपियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स (ओबीसी) ने 17 नवंबर, 2017 को सीबीआई के समक्ष शिकायत दी थी, लेकिन इस साल 22 फरवरी को सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। बैंक ने 97.85 करोड़ रुपये का चूना लगाने का आरोप लगाया है। इसके अलावा 110 करोड़ रुपये के लोन डिफॉल्ट का आरोप भी है। ओबीसी ने वर्ष 2015 में तकरीबन 98 करोड़ रुपये के लोन को फर्जीवाड़ा करार दिया था। बैंक का आरोप है कि शुगर कंपनी ने पहले का कर्ज चुकाने के लिए 110 करोड़ रुपये का कॉरपोरेट लोन लिया था। पंजाब के मुख्यमंत्री के दामाद के अलावा सिंभावली शुगर्स के अध्यक्ष गुरमीत सिंह मान, सीईओ जीएससी राव, सीएफओ संजय तापड़िया, कार्यकारी निदेशक गुरसिमरन कौर मान के साथ कंपनी और बैंक के अज्ञात अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।