जानिए : विधानसभा चुनाव 2018 एग्जिट पोल्स
(India) बीजेपी त्रिपुरा में 25 साल पुरानी सरकार लेफ्ट को गिराने में सफल हो सकती है। एग्जिट पोल्स की मानें तो बीजेपी त्रिपुरा में 60 में से 35 से ज्यादा सीटें हासिल कर सकती है। वहीं एग्जिट पोल्स के मुताबिक, नगालैंड में भी बीजेपी को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। इसके अलावा मेघालय में एनपीपी को एग्जिट पोल्स में आगे बताया जा रहा है। आइए देखते हैं तीनों चुनावी राज्यों को लेकर क्या कहते हैं एग्जिट पोल्स:
त्रिपुरा में पिछले 25 साल से सीपीएम की सरकार है। ज्यादातर एग्जिट पोल्स के मुताबिक पहली बार यहां बीजेपी की सरकार बनती दिखाई दे रही है। जन की बात-न्यूज एक्स के एग्जिट पोल के मुताबिक यहां बीजेपी, आईपीएफटी की मदद से सरकार बना सकती है। अनुमान है कि बीजेपी और आईपीएफटी के गठजोड़ को 35 से 45 सीटें (51% वोट) मिल सकती हैं। वहीं सीपीएम का ग्राफ 50 सीटों से गिरकर करीब 46 फीसदी वोट शेयर के साथ 14-23 के बीच रह सकता है। एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में बीजेपी को इससे कहीं ज्यादा 44-50 सीटें (49% वोट) मिलने का अनुमान है। वहीं लेफ्ट को 40 प्रतिशत वोट शेयर के साथ महज 9-15 सीटें मिलती नजर आ रही हैं।
सीवोटर के एग्जिट पोल में बीजेपी गठबंधन और लेफ्ट के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है। इसके मुताबिक, सीपीएम को 44.3 फीसदी वोटों के साथ 26 से 34 सीटें मिल सकती हैं। वहीं बीजेपी और इसके सहयोगियों को 42.8 फीसदी मतों के साथ 24-32 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा कांग्रेस को 7.2 फीसदी वोटों के साथ 0-2 सीटें मिलने का अनुमान जताया जा रहा है।
नगालैंड की अगर बात करें तो यहां भी एग्जिट पोल में बीजेपी को आगे बताया जा रहा है। नेफ्यू रियो की अगुवाई वाले एनडीपीपी के साथ बीजेपी ने गठबंधन किया है। जन की बात-न्यूज एक्स के एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को सहयोगियों के साथ 27-32 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा 60 सदस्यों वाली विधानसभा में एनपीएफ को 20-25 सीटें, जबकि कांग्रेस को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान है।
मेघालय की जहां तक बात है तो यहां भी बीजेपी फायदे में दिख रही है। एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में अनुमान है कि बीजेपी 60 सदस्यीय विधानसभा में तकरीबन आधी सीटें (30 तक) जीत सकती है। वहीं कांग्रेस को केवल 20 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं कोनार्ड संगमा की अगुवाई वाली एनपीपी (नैशनल पीपल्स पार्टी) को जन की बात-न्यूज एक्स के एग्जिट पोल में 39 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 23-27 सीटें दी गई हैं। वहीं बीजेपी को 12 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 8-12 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा कांग्रेस को 21 फीसदी वोट के साथ 13-17 सीटें दी गई हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।