प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे सुरक्षा सख्त
(India) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच चुके हैं। नरेंद्र मोदी आज वाराणसी में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों की मेजबानी करेंगे। यहां दोनों नेता कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही गंगा में नौका विहार भी करेंगे। दोनों नेताओं के भव्य स्वागत के लिए काशी तैयार है। एयरपोर्ट से लेकर गंगाघाट तक की सड़कें सज गई हैं। सड़क के दोनों ओर दोनों देशों के झंडे लहरा रहे हैं। लोगों में भी भारी उत्साह है। जल, थल एवं वायु सेना के अधिकारियों ने सुरक्षा की कमान अपने हाथ में ले ली है। पूरा शहर छावनी में तब्दील है। जापानी पीएम शिंजो अबे के बाद मैक्रों दूसरे ऐसे राष्ट्राध्यक्ष हैं जो काशी दर्शन के लिए आ रहे हैं।

गंगा घाटों पर होने वाले कार्यक्रमों से इमैनुएल मैक्रों को बनारस के धार्मिक-सांस्कृतिक और अध्यात्म की झलक मिलेगी। कहीं श्रीकृष्ण-राधा संग गोपियां मयूर बनकर नृत्य करेंगी तो कहीं वैदिक ऋचाएं, कबीर के पद, श्रीराम चरित मानस की चौपाइयां गूजेंगी। कुश्ती कला, सधुक्कड़ी परंपरा वाले सौ से ज्यादा संतों-महात्माओं की अड़ी भी मैक्रों देखेंगे। गंगा पार भारत का तिरंगा व फ्रांस के झंडे लहरा रहे हैं। दोनों नेताओं की रेत पर आकृति उकेरी गई है।

दादर कला गांव में सोमवार को पीएम नरेन्द्र मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति ईमैनुएल मैक्रों के आगमन की तैयारियों का रविवार को खुद मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने जायजा लिया। गोसाईपुरवा में बने हेलीपैड पर उतरने के तत्काल बाद कार से उस मंच तक पहुंचे जहां मोदी-मैक्रों का कार्यक्रम तय है। सीएम ने उस सोलर प्लांट का भी निरीक्षण किया, जिसका लोकार्पण होना है। 75 मेगावाट की क्षमता वाले इस प्लांट को फ्रांस की एक कंपनी ने 382 एकड़ में बनाया है। इस प्लांट से करीब डेढ़ लाख घरों को बिजली की आपूर्ति होगी।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।