(India)
कांग्रेस पार्टी ने 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए अभी से तैयारी प्रारम्भ कर दी है। इसके तहत 'शक्ति' नामक डिजिटल प्लेटफाॅर्म पर पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से सीधा संपर्क कर आंकड़े जुटाए जाएंगे। भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस ने भी बूथ मैनेजमेंट में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत विधानसभा चुनावों से की जाएगी। इसके लिए मुख्य विपक्षी पार्टी ने पहले कार्यकर्ताओं की पहचान सुनिश्चित करने का अभियान शुरू किया है। इसके साथ ही स्विंग बूथ और समर्पित वोटरों की भी पहचान की जाएगी। सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध आंकड़ों के जरिये कोर वोट बेस का पता लगाया जाएगा और इन आंकड़ों की मदद से विभिन्न राजनीतिक मसलों पर मतदाताओं के मूड का पता लगाने के लिए सर्वे भी कराया जाएगा। ‘इकोनोमिक टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस इस डाटाबेस के सहारे वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों के दौरान जनता से सीधा संवाद भी कर सकेगी। बताया जाता है कि इस प्रक्रिया के जरिये पार्टी जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से सीधे जुड़ेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली और राजस्थान में इसकी शुरुआत कर दी गई है। राजस्थान में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके बाद इस अभियान को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों तक भी ले जाया जाएगा।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।