लालू परिवार से जुड़ी कंपनी की 3.67 करोड़ की बेनामी संपत्ति जब्त
(BIHAR, BIHAR) आयकर विभाग ने गुरुवार को फेयर ग्रो होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड की बेनामी संपत्ति जब्त कर ली है। इस कंपनी से पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के परिवार के 4 सदस्य बतौर निदेशक जुड़े रहे हैं। इस मामले में इनकमटैक्स के अधिकारी लालू प्रसाद के दोनों पुत्रों- पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव से शुक्रवार को पूछताछ करेंगे। इसे लेकर उनको नोटिस भेजी गई है। इनकमटैक्स ने दोनों भाइयों को 23 अप्रैल को भी पूछताछ के लिए नोटिस भेजी थी। लेकिन वे नहीं पहुंचे।

दोनों भाइयों ने इनकमटैक्स को सूचित किया है कि उनके परिवार में तेजप्रताप यादव की अभी शादी है इसलिए वे अभी पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हो सकेंगे। लालू प्रसाद की दोनों बेटी रागिनी व चंदा से नई दिल्ली में पूछताछ की जा चुकी है। इसके अलावा कंपनी से जुड़े कई निदेशकों से भी पूछताछ हो चुकी है। लालू प्रसाद के दोनों पुत्र व दोनों पुत्रियां इस कंपनी में वर्ष 2014 से लेकर वर्ष 2017 तक निदेशक रही हैं।

20 साल से ज्यादा पुरानी फेयर ग्रो होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड की मिल्कयत यह मकान बेली रोड केन्द्रीय विद्यालय (शेखपुरा मोड़) गेट के सामने है। इस मकान पर इनकमटैक्स ने गुरुवार की सुबह नोटिस चिपका दी है। अति महत्वपूर्ण क्षेत्र में यह मकान 5.22 कठ्ठे में बना है। इसकी कीमत 3 करोड़ 67 लाख रुपए बताई गई है। यह अचल संपत्ति कंपनी ने वर्ष 2002 में टाटा ग्रुप की एक कंपनी से 65 लाख रुपए में खरीदी थी।

फेयर ग्रो होल्डिंग कंपनी का हेडक्वार्टर नई दिल्ली है। इस कंपनी के निदेशक अभी मनोज कुमार और ब्रिज सरीन हैं। बेनामी संपत्ति जब्ती के पूर्व इनकमटैक्स ने इस कंपनी के नाम से कई बार नोटिस भेजी लेकिन इस बेनामी संपत्ति का कोई दावेदार नहीं आया।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।