मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर के सभी दलों ने सर्वदलीय बैठक में रमजान और अमरनाथ यात्रा को देखते हुए केन्द्र सरकार से आतंकियों के साथ संघर्ष विराम की अपील की थी। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा था कि कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जाना चाहिए ताकि ईद और अमरनाथ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में सर्वदलीय बैठक के बाद सुश्री महबूबा ने संवाददाताओं से कहा था कि हर कोई इससे सहमत है कि हमें वर्ष 2000 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शासन काल में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान पर एकतरफा रोक लगाने जैसे कदम उठाने की अपील केंद्र सरकार से करनी चाहिए।
उन्होंने कहा था कि आतंकवादियों के खिलाफ मुठभेड़ और कार्रवाई के कारण नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हमें माहौल को शांतिपूर्ण बनाने का अवश्य प्रयास करना चाहिए ताकि ईद और अमरनाथ यात्रा दोनों शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। महबूबा ने कहा था कि विचार-विमर्श में सर्वसम्मति से बात सामने आई कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के बीच गठबंधन के एजेंडा पालन किया गया तो राज्य की स्थिति में गुणात्मक सुधार होगा।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।