(India)
दिल्ली. के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और तीन मंत्री सोमवार को उपराज्यपाल अनिल बैजल के निवास (उपराज्यपाल सचिवालय) के अंदर सोमवार शाम 5:30 बजे से धरने पर बैठ गए। केजरीवाल ने तीन मांगों को मंजूर किए जाने तक धरने पर रहने का ऐलान किया है। केजरीवाल की अगुआई में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और श्रम मंत्री गोपाल राय उपराज्यपाल से मिलने राजनिवास गए थे। ये लोग राजभवन के वेटिंग रूम में बैठे रहे, जबकि उपराज्यपाल अपने दफ्तर से आवास पर चले गए। धरने की सूचना के बाद आधा दर्जन से ज्यादा आईपीएस अधिकारी, एक दर्जन से ज्यादा इंस्पेक्टर समेत करीब डेढ़ सौ पुलिसकर्मी राजनिवास के बाहर सुरक्षा के लिए मौजूद थे। सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई। राज्यसभा सांसद संजय सिंह को भी केजरीवाल से मिलने जाने से रोक दिया गया। उन्होंने इसकी शिकायत राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखकर की है।
केजरीवाल सरकार द्वारा उपराज्यपाल से तीन मांगें की गई हैं। पहली यह कि दिल्ली सरकार में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों की हड़ताल खत्म कराई जाए। दूसरी, काम रोकने वाले आईएएस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और तीसरी मांग है कि राशन की दरवाजे पर आपूर्ति की योजना को मंजूर किया जाए।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।