2014 के विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं करने वाली सर्बिया की टीम को शुरुआती मैच जीतने का फायदा मिलेगा, क्योंकि उसके ग्रुप में पांच बार की विजेता ब्राजील और स्विट्जरलैंड जैसी टीमें हैं। मैच की शुरुआत में ही दोनों टीमें एक-दूसरे को अच्छी टक्कर देती नजर आईं। 11वें मिनट में कोस्टा रिका को पेनाल्टी कॉर्नर मिला और गुजमैन के किक को गोंजालेज ने हेडर से मारकर उसे सर्बियाई गोल पोस्ट कर पहुंचाना चाहा, लेकिन गेंद नेट के ऊपर से निकल गई। 13वें मिनट में सर्बिया के खिलाड़ी मित्रोविक ने बड़ा शॉट मारकर कोस्टा रिका के गोल पोस्ट तक गेंद को भेजने की कोशिश की, लेकिन गोलकीपर नवास ने शानदार बचाव करते हुए इस कोशिश को नाकाम कर दिया। पहले हाफ में रेफरी ने कोस्टा रिका के फ्रांसिस्क जेवियर काल्वो क्वेसाडा को पीला कार्ड दिखाया। दोनों टीमों का अच्छा डिफेंस था, लेकिन आक्रामक पंक्ति कमाल नहीं कर पा रही थी। 26वें मिनट में सर्बिया को एक बार फिर गोल करने का मौका मिला, जब मिलिनोविक ने गेंद को अपने पास लेकर प्रतिद्वंद्वी टीम के गोल पोस्ट तक पहुंचाना चाहा, लेकिन कोस्टा रिका के गोलकीपर ने इस कोशिश को भी नाकाम कर दिया। सर्बिया के खिलाड़ी मिलिकोविक साविक ने मिलिवोजेविक की ओर से मिले पास पर बाईसिकिल किक मारते हुए कोस्टा रिका के गोल पोस्ट पर निशाना साधा, लेकिन एक बार फिर गोलकीपर ने बेहतरीन बचाव किया। पहले हाफ के बाद दोनों टीमें गोल रहित बराबरी पर थीं। दूसरे हाफ में गोल करने के कई मौके असफल रहने के बाद आखिरकार 56वें मिनट में कप्तान कोलारोव ने फ्री किक पर सीधा शॉट मारकर इसे कोस्टा रिका के गोल पोस्ट तक पहुंचाया। इसके साथ ही सर्बिया ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली और इसे आखिर तक कायम रखा। इस दौरान कोस्टा रिका की टीम को दो बार फ्री किक के जरिये स्कोर बराबर करने का मौका मिला, लेकिन वह अपने दोनों प्रयासों में असफल रही। आखिरी क्षणों में क्रिस्टियन बोलानोस का शॉट सर्बिया के गोल पोस्ट के बाहर चला गया और एक बार फिर कोस्टा रिका का स्कोर बराबर करने का प्रयास नाकाम हो गया।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।