19 राज्यों में 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट: दूसरी बार रुकी अमरनाथ यात्रा; राजस्थान में 6 की मौत
(India) तेज बारिश की वजह से शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा रोक दी गई। दो दिन में दूसरी बार यात्रा रोकी गई। उधर, राजस्थान में बीते 24 घंटे में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 6 लोगों की जान चली गई। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
अमरनाथ गुफा तक जो श्रद्धालु गुरुवार तक पहुंच गए थे, उन्हें वहीं रोक दिया गया है। गुरुवार को 1300 लोगों ने दर्शन किए थे। तेज बारिश की वजह से रास्तों पर फिसलन हो गई है। इससे अमरनाथ गुफा की ओर जाने वाले पहलगाम और बालटाल मार्ग पर श्रृद्धालुओं का आगे बढ़ना मुश्किल हो रहा है। 27 जून को शुरू हुई यात्रा 26 अगस्त को खत्म होगी। उत्तराखंड में एनएच 94 पर ट्रैफिक रोक दिया गया है। उधर, हिमाचल में भूस्खलन की वजह से मनाली-लेह हाइवे बंद हो गया है।
राजस्थान में 6 लोगों की मौत:राजस्थान के कई इलाकों में गुरुवार को तेज बारिश हुई। अलवर में अलग-अलग घटनाओं में 4 लोगों की मौत हुई। कठूमर में दीवार ढहने से महिला की मौत हो गई। उधर, हनुमानगढ़ जिले में छत गिरने से एक वृद्ध की मौत हो गई।
शनिवार तक इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग के मुताबिक, तटीय और दक्षिणी कर्नाटक, महाराष्ट्र का कोंकण, गोवा, केरल, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी मध्य प्रदेश, उत्तरी गुजरात, तेलंगाना में शनिवार तक भारी बारिश का अलर्ट है।
दिल्ली में समय से पहले पहुंचा मानसून:गुरुवार को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई। इस साल मानसून चार दिन पहले ही दिल्ली पहुंच गया है। पिछले साल 2 जुलाई को मानसून ने दस्तक दी थी। बारिश से राजधानी में पारा 2 डिग्री तक गिर गया। गुरुवार शाम को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में अगले चार दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। पिछले साल के मुकाबले इस साल 10 फीसदी तक ज्यादा पानी गिरेगा। मानसून के आने से उमस के साथ ही प्रदूषण का स्तर भी गिरा है।
पंजाब के संगरूर में 15 फुट पानी में डूबी बस: गुरुवार को पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में 3 दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। वहीं, संगरूर के लहरागागा बस स्टैंड के नजदीक बने रेलवे अंडर ब्रिज के पास गुरुवार शाम बड़ा हादसा टल गया। ब्रिज के नीचे से गुजर रही बस वहां जमा पानी में पहुंचकर बंद हो गई और करीब 20 मिनट में देखते ही देखते पूरी बस करीब 15 फुट पानी में डूब गई। बस में 14 लोग सवार थे। आसपास के लोगों ने वक्त रहते सभी को सीढ़ी लगाकर निकाल लिया।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।