अगले सप्ताह से गन्ना किसानों को राहत लागत से डेढ़ गुना एमएसपी की घोषणा
(DELHI, DELHI) अगले सप्ताह खरीफ फसल सत्र के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा कर दी जाएगी। सरकार के पूर्व फैसले के अनुरूप यह लागत का डेढ़ गुना रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पांच राज्यों के गन्ना किसानों से मुलाकात के दौरान यह आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कदम किसानों की आमदनी को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाएगा।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, महाराष्ट्र और कर्नाटक से आए 140 किसानों से प्रधानमंत्री आवास पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री ने ये भी कहा कि गन्ना किसानों के लिए उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) भी अगले दो सप्ताह के भीतर घोषित कर दिया जाएगा, जो पिछले साल की तुलना में अधिक होगा।

प्रधानमंत्री ने गन्ना किसानों के एरियर भुगतान को लेकर सरकार के प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि नई नीति के चलते पिछले 10 दिन में गन्ना किसानों के एरियर के 4000 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र ने राज्य सरकारों से कहा है कि गन्ना किसानों का एरियर भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को स्प्रिंकल और ड्रिप इरिगेशन किसानी की नवीनतम तकनीकों और सोलर पम्प इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसानों को ऊर्जा के लिए सोलर पैनल लगवाने चाहिए। साथ ही प्रधानमंत्री ने किसानों को उत्पाद का वैल्यू एडिशन करने का भी सुझाव दिया। प्रधानमंत्री ने किसानों को 2022 तक रासायनिक उर्वरक का उपयोग 10 फीसदी तक कम करने का उद्देश्य तय करने को भी कहा।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।