पौड़ी गढ़वाल में गहरी खाई में गिरी बस, 47 यात्रियों की मौत
(India) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में एक भीषण बस हादसा हुआ है। धूमाकोट तहसील के नैनीडांडा ब्लॉक में पड़ने वाले पिपली-भौन मोटर मार्ग पर ग्वीन पुल के पास रविवार सुबह गढ़वाल मोटर यूजर्स की बस हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में 47 लोगों की मौत हो गई। धूमाकोट के नायब तहसीलदार तीरथ सिंह नेगी के अनुसार इस बस हादसे में 45 यात्री दुर्घटनास्थल पर मारे गए, जबकि दो की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान किया है। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों के घायल होने की सूचना है। जख्मी लोगों को इलाज के लिए धूमाकोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। यूके12सी-0159 नंबर की यह बस रविवार सुबह करीब छह बजे भौन गांव से रामनगर की ओर चली थी। इलाके के ही मैरागांव में जागर (जागरण) का आयोजन किया गया था। हादसे का शिकार हुए लोग इसमें शामिल होने के बाद लौट रहे थे। इसके अलावा बस में दिल्ली लौट रहे ऐसे लोग भी थे जो छुट्टियों में गांव आए थे और दिल्ली के लिए बस पकड़ने के लिए रामनगर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ग्वीन पुल के पास बेकाबू बस सड़क से करीब 60 मीटर नीचे संगुड़ी गदेड़े ( बरसाती नाले) में जा गिरी। जिले के आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश चन्द्र काला ने बस दुर्घटना में 44 लोगों के मरने की पुष्टि की है। यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 8:45 बजे हुई।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।