बुराड़ी केस दाढ़ी वाला एक शख्स हफ्ते में दो-तीन बार आता था, पुलिस को उस पर ब्रेन वॉश करने का शक
(India) बुराड़ी में एक परिवार के 11 लोगों की मौत फांसी लगने से हुई। पोस्टमार्टम में यह खुलासा होने के बाद पुलिस अब इस केस की जांच सामूहिक आत्महत्या के आधार पर कर रही है। पहले सामूहिक हत्या का मामला दर्ज किया गया था। लोगों का कहना है कि इस परिवार में एक दाढ़ी वाला शख्स हफ्ते में दो-तीन बार आता था। दो-ढाई घंटे रुकता था। पुलिस को उसी पर इन लोगों का मोक्ष के नाम पर ब्रेन वॉश करने का शक है। उसकी तलाश की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि एक बाबा को हिरासत में भी लिया गया है, हालांकि, पुलिस इससे इनकार कर रही है। क्राइम ब्रांच को भी किसी गदा बाबा के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस की तहकीकात में पांच फोन नंबर सामने आए हैं, जिन पर लगातार बातें होती थीं। पुलिस इन फोन नंबरों की पड़ताल कर रही है।
घर से बरामद रजिस्टर में बरगद की पूजा पर 37 पेज लिखे हैं। घर में शव भी बरगद की जड़ों की तरह लटके थे। यह भी लिखा है कि हम मरने नहीं जा रहे, परमात्मा से मिलकर वापस आएंगे। सात दिन लगातार पूजा करनी है, इस बीच घर में कोई आ जाए तो पूजा अगले दिन नए सिरे से करनी है। पूजा के लिए गुरुवार और रविवार का दिन चुना गया है। सिर पर काला कुत्ता होना चाहिए। क्रिया रात 12 से 1 बजे के बीच करनी है। इससे पहले हवन करना है। खुद अपने हाथ बांधने हैं, क्रिया के बाद दूसरा खोलेगा।
ललित सबसे आखिरी में मरा, हाथ भी उसी के खुले थे ।बुजुर्ग महिला के दो बेटे ललित और भूपी थे। ललित को उसके पिता अक्सर सपने में दिखते थे। वही सबसे ज्यादा धार्मिक था। माना जा रहा है कि रजिस्टर में नोट ललित ने ही लिखे। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी की मौत रात दो से ढाई के बीच हुई। सबसे आखिरी में ललित और उसकी पत्नी टीना की मौत हुई। सभी 11 मृतकों में सिर्फ इन्हीं दोनों के हाथ खुले थे।
भाई ने कहा- 11 पाइप मैंने वेंटिलेशन के लिए लगवाए थे।पुलिस को घर की दीवार पर प्लास्टिक के 11 पाइप और जाल में बंधे 11 सरिए मिले। पाइप मकान की दाईं दीवार पर लगे हैं। 4 पाइप सीधे और 7 टेढ़े-मेढ़े हैं। मरने वाले भी 11 थे, इसलिए पुलिस इन्हें भी मौत से जोड़कर देख रही है। हालांकि, कोटा से आए परिवार के बड़े बेटे दिनेश का कहना है कि वो सिविल कॉन्ट्रैक्टर हैं। उन्होंने वेंटिलेशन के लिए यह पाइप लगवाए थे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।