सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में एक जूनियर कमीशन अधिकारी (जेसीओ) घायल हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शोपियां के कुंडलान गांव में आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया सूचना मिलने पर 34 राष्ट्रीय राइफल्स राज्य पुलिस के विशेष अभियान दस्ते और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने एक संयुक्त खोजी अभियान शुरु किया।
उन्होंने बताया कि जब सुरक्षा बल गांव की घेराबंदी करके उस क्षेत्र विशेष की ओर बढ़ रहे थे तो वहां छिपे आतंकवादियों ने उन पर स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में एक जेसीओ घायल हो गया जिसे बादामी बाग छावनी के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और अंतिम रिपोर्ट आने तक मुठभेड़ जारी थी। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में तीन से चार आतंकवादी छिपे हो सकते हैं। मुठभेड़ स्थल पर पथराव की घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस के जवानों को भेज दिया गया है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।