पीएम मोदी के पिछले 4 साल के विदेश दौरे में खर्च हुए 1,484 करोड़ रुपये
(DELHI, DELHI) सरकार ने गुरुवार को बताया कि जून 2014 के बाद से प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की 84 देशों की यात्रा के दौरान चार्टर्ड उड़ानों विमानों के रखरखाव और हॉटलाइन सुविधाओं पर 1,484 करोड़ रुपये खर्च हुआ है। विदेश मामलों के राज्य मंत्री वीके सिंह ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा में मोदी के विदेश यात्रा के दौरान उक्त तीन मदों में किये गए खर्च का ब्यौरा दिया।

आंकड़ों के अनुसार 15 जून 2014 और 10 जून 2018 के बीच की अवधि के दौरान प्रधान मंत्री के विमान के रखरखाव पर 1088.42 करोड़ रुपये और चार्टर्ड उड़ानों पर 387.26 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। हॉटलाइन पर कुल व्यय 9.12 करोड़ रुपये का हुआ। मोदी ने मई 2014 में प्रधान मंत्री पद संभालने के बाद से 42 विदेशी यात्राओं में कुल 84 देशों का दौरा किया।

सिंह द्वारा प्रदान किए गए विवरण में 2017-18 और 2018-19 में उनकी विदेशी यात्राओं के दौरान हॉटलाइन सुविधाओं पर हुआ व्यय शामिल नहीं है। वर्ष 2018-19 में यात्राओं के लिए चार्टर्ड उड़ानों की लागत भी शामिल नहीं है। वीके सिंह के अनुसार, प्रधान मंत्री ने 2015-16 में अधिकतम 24 देशों का दौरा किया और वर्ष 2017-18 में 19 तथा 2016-17 में 18 देशों का दौरा किया।

वर्ष 2014-15 में मोदी ने 13 देशों का दौरा किया जिसमें प्रधानमंत्री के बतौर जून 2014 में उन्होंने पहला दौरा भूटान का किया था। वर्ष 2018 में उन्होंने 10 देशों का दौरा किया जिसमें उनका अंतिम दौरा पिछले महीने का चीन दौरा रहा। वर्ष 2014-15 में विदेशी गंतव्यों के लिए चार्टर्ड उड़ानों की लागत 93.76 करोड़ रुपये थी जबकि वर्ष 2015-16 में यह लागत 117 करोड़ रुपये थी। 2016-17 में, लागत 76.27 करोड़ रुपये और वर्ष 2017-18 में चार्टर्ड उड़ान पर खर्च 99.32 करोड़ रुपये था।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।