पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा चाहते हैं की लोकसभा चुनाव 2019 मे महिला बने विपक्ष की उम्मीदवार
(DELHI, DELHI) लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा को जबर्दस्त टक्कर देने और उन्हें सत्ता से दूर करने के लिए विपक्ष पूरी जोर आजमाइस में लगा हुआ है। इस दौरान भाजपा के खिलाफ एक मजबूत मोर्चा की हिमायत करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा ने कहा है कि विपक्ष की ओर से किसी महिला के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के लिए भी वो सहमत हैं। देवगौड़ा ने कहा है कि वह तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने के खिलाफ नहीं हैं।

देवगौड़ा (85) की यह टिप्पणी उन खबरों के मद्देनजर आई है, जिनमें कहा गया था कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का मुद्दा चुनाव बाद के लिए छोड़ना चाहती हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि यदि चुनाव से पहले इस विषय को उठाया गया तो विपक्ष की एकता को नुकसान पहुंच सकता है।

देवगौड़ा की पार्टी जद (एस) ने कर्नाटक में कांग्रेस के साथ गठबंधन सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए विपक्ष को एकजुट करने में कांग्रेस एक अहम भूमिका निभाएगी।

पूर्व प्रधानमंत्री ने पिछले सप्ताहांत दिल्ली में इस बात का जिक्र किया कि तीसरे मोर्चे का गठन अपने शुरूआती दौर में है और ममता सभी गैर भाजपा पार्टियों को एक साथ लाने के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ कोशिश कर रही हैं। देवगौड़ा ने 1996 में जनता दल नीत संयुक्त मोर्चा की सरकार का नेतृत्व किया था। हालांकि उनका कार्यकाल साल भर से अधिक नहीं रहा था।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।