(India)
पाकिस्तान में बनी इमरान खान की नई सरकार को पहला तगड़ा झटका लगा है। अमेरिकी मिलिटरी ने पाकिस्तान को दी जानेवाली 30 करोड़ डॉलर (2130 करोड़ रुपये से ज्यादा) की मदद रद्द कर दी है। आपको बता दें कि आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में नाकाम रहने के कारण इस्लामाबाद को अब तक यह मदद रोकी गई थी। अमेरिका के साथ पाकिस्तान के संबंध पहले से ही तनावपूर्ण चल रहे हैं, अब इस फैसले के बाद द्विपक्षीय रिश्ते और कमजोर हो सकते हैं। कोलिशन सपॉर्ट फंड्स के नाम से दी जाने वाली मदद उस बड़ी धनराशि का हिस्सा थी जिस पर इस साल की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने रोक लगा दी थी। उस समय उन्होंने पाकिस्तान पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह मदद के बदले झूठ और धोखा देता आ रहा है। ट्रंप प्रशासन का साफ तौर पर कहना है कि इस्लामाबाद आतंकियों को सुरक्षित पनाहगाह मुहैया करा रहा है। दरअसल, अमेरिका पाकिस्तान के पड़ोसी देश अफगानिस्तान में 17 वर्षों से लड़ाई लड़ रहा है। पाकिस्तान में आतंकियों के छिपने से उसे कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ता है। हालांकि पाकिस्तान अमेरिका के इस आरोप से इनकार करता रहा है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।