राहुल गांधी ने ओलांद के बयान पर प्रधानमंत्री मोदी से मांगी सफाई,
(DELHI, India) राफेल विमान सौदे पर फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांक्वा ओलांद के बयान के बाद से केंद्र सरकार आलोचनाओं के घेरे में आ गई है। बीते लंबे समय से इस मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश में लगा था। ओलांद के इस बयान के बाद विपक्ष और आक्रामक हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कल ट्वीट के जरिए कहा था कि प्रधानमंत्री ने बंद दरवाजे के पीछे डील कर देश के साथ धोखा किया है। वहीं, आज गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री को फ्रांसीसी राष्ट्रपति के बयान पर सफाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि उन्होंने ऐसा ही किया है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत हितों के चलते रिलायंस को इसमें शामिल किया गया।
एक कार्यक्रम में मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है जब किसी देश के पूर्व राष्ट्रपति हमारे प्रधानमंत्री को चोर कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताना चाहिए कि फ्रांसीसी राष्ट्रपति सच कह रहे हैं या झूठ। राफेल सौदे को लेकर गांधी ने कहा कि हमें पूरा यकीन है कि प्रधानमंत्री भ्रष्ट हैं। देश के नागरिकों को भी यह यकीन हो गया है कि 'देश का चौकीदार' चोर है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि राफेल सौदे में बहुत घालमेल हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने कहा था कि जब इस सौदे में बदलाव हुआ था तो उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उस वक्त वह गोवा के बाजार में मछली खरीद रहे थे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।