(International)
इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में रिक्टर पैमाने 7.5 की तीव्रता पर आए भूकंप के बाद आई सुनामी के चलते हुए हादसों में रविवार को मरने वालों की संख्या बढ़कर 832 हो गई। द गार्जियन में छपी खबर के अनुसार, मृतकों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका है। देश के आपदा प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक, बचाव कार्य अभी भी जारी है। सीएनएन के अनुसार, द्वीप में शुक्रवार को आए भूकंप के बाद पानी इमारतों में घुस गया और 350,000 लोगों की आबादी वाले तटीय शहर पालू के घरों को बहा ले गया। मृतकों में 11 लोग डोंगगाला के हैं और 821 पालू प्रांत के। अभी तक कुछ विदेशी नागरिक लापता हैं। लापता विदेशी नागरिकों में एक फ्रेंच, एक साउथ कोरिया और कुछ दूसरे देशों के नागरिक हैं। आपदा प्रबंधन एजेंसी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि लोगों को घरों से निकालना और राहत कार्य अंजाम देने में काफी प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।
इंडोनेशिया के आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो नुग्रोहो ने रविवार को मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए कहा कि अभी भी काफी लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं और कई अभी भी मलबों के नीचे दबे हुए हैं। सुतोपो ने कहा कि बिजली और दूरसंचार सेवाएं ठप हो गई हैं, जिसके चलते पालू और पास के मछुआरे समुदाय डोंगगाला तक पहुंच बनाने में दिक्कत हो रही है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।