(India)
अयोध्या विवाद पर संत समाज और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तरफ से बढ़ते दबाव के बाद अब मोदी सरकार के मंत्रियों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। कैबिनेट मंत्री उमा भारती ने कहा है कि उन्होंने सक्रिय रूप से रामजन्मभूमि आंदोलन में हिस्सा लिया था और अयोध्या में राम मंदिर उनका सपना है। उमा ने कहा कि वह किसी भी प्रक्रार की मदद के लिए तैयार हैं। उधर केंद्रीय मंत्री पीपी चौधरी ने तो मंदिर के मसले पर सीधे कानून की वकालत की है। बता दें कि पिछले दिनों संघ ने संकेत दिए हैं कि अगर जरूरी हुआ तो वह अयोध्या में राम मंदिर के लिए 1992 जैसा आंदोलन कर सकता है। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष से अयोध्या विवाद पर लगातार प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 29 अक्टूबर को अयोध्या मामले की सुनवाई को जनवरी के लिए टाल दिया। इसके बाद संघ और अन्य हिंदुवादी संगठनों की तरफ से मोदी सरकार पर अध्यादेश लाने का दबाव बन रहा है। हालांकि मोदी सरकार इस मामले में खामोश है लेकिन उसके मंत्री लगातार इसपर बयान दे रहे हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा है कि राम मंदिर का निर्माण उनका स्वप्न है। उमा ने कहा, 'मैंने रामजन्मभूमि आंदोलन में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था। इस मामले में मेरे व एलके आडवाणी जी की संबंध रहने को लेकर केस में सुनवाई भी जारी है और मुझे इसका गर्व है।' केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राम मंदिर के लिए वह अपने स्तर से हर प्रयास करने के लिए तैयार हैं।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।