छतीसगढ़ : पहले चरण की वोटिंग से पहले नक्सलियों ने कांकेर में किए 6 ब्लास्ट
(India) छतीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से एक दिन पहले नक्सलियों ने कांकेर में बीएसएफ को निशाना बनाते हुए सीरियल ब्लास्ट किया है। इस हमले में बीएसएफ का एक ASI जख्मी हुआ है, जिन्हें इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रायपुर ले जाया गया है। वहीं, बीजापुर में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर हुआ है, जबकि एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि पिछले 10 दिनों में सुरक्षाबलों ने छत्तीसगढ़ के बस्तर रिजन में 300 से ज्यादा IED बरामद किए हैं। राज्य के कांकेर जिले में रविवार को नक्सलियों ने बीएसएफ की एक सर्च टीम पर IED के जरिए हमला किया। बीएसएफ की एक पट्रोलिंग टीम सुबह कोयलीबेड़ा इलाके में पट्रोलिंग के लिए निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए एक के बाद एक 6 IED ब्लास्ट कर दिए। ब्लास्ट की चपेट में बीएसएफ का एक वाहन भी आ गया। घटना के बाद इलाके में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। बता दें कि एक दिन बाद 12 नवंबर को यहां पर विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग कराई जानी है। ऐंटी-नक्सल ऑपरेशंस के डीआईजी पी. सुंदराज ने बताया कि हमले में बीएसएफ जवान महिंदर सिंह जख्मी हुए हैं, जिन्हें एयरलिफ्ट कर रायपुर ले जाया गया है। उन्होने बताया कि इलाके में हालात अब सामान्य हैं। सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।