दिल्ली डबल मर्डर में बड़ा खुलासा, आरोपी दर्जी ने बताई फैशन डिजाइनर की हत्या की वजह
(DELHI, DELHI) दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में 53 वर्षीय फैशन डिजाइनर और उनके सहायक की बुधवार रात चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान फैशन डिजाइनर माला लखानी और सहायक बहादुर के रूप में हुई है। इस मामले की जानकारी देते हुए ज्वाइंट सीपी अजय चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि यह घटना बुधवार देर रात 10-12 बजे के बीच की है। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी दर्जी ने खुद सामने आकर अपना जुर्म कबूला है और मामले में सनसनीखेज खुलासा किया है| ज्वाइंट सीपी अजय चौधरी ने बताया कि फैशन डिजाइनर के दर्जी राहुल ने खुद थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल किया। उन्होंने बताया कि इस घटना का खुलासा तब हुआ जब रात करीब 2.45 बजे माला का दर्जी राहुल थाने पहुंचा।
राहुल ने पुलिस को बताया कि उसने माला और उसके नौकर बहादुर की हत्या चाकू से घोंपकर कर दी है। राहुल ने थाने में ये भी बताया कि इस वारदात को उसने अपने दो रिश्तेदारों के साथ मिलकर अंजाम दिया। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर अजय चौधरी ने जानकारी दी कि राहुल माला लखानी के यहां पिछले साढ़े तीन साल से काम कर रहा है। उसने यह वारदात लूटपाट के इरादे से अंजाम दी। इसके लिए उसने पहले ही योजना बना रखी थी। दर्जी राहुल ने एक कपड़ा तैयार कर रखा था जिसे दिखाने का बहाना बनाकर उसने माला को बुलाया और चाकू से घोंपकर उनकी हत्या की। लेकिन इस बीच उनका नौकर बहादुर आ गया। बहादुर उनके राज को फाश न कर दे इसलिए उन तीनों ने बहादुर की भी हत्या कर दी। इसके बाद राहुल और उसके साथियों ने घर में लूटपाट की और माला की हुंडई गाड़ी भी लूट ले गए। बाद में इन लोगों ने गाड़ी से जाकर घर से लूटे गए माल को कई जगह छिपाया। लेकिन जब इन्हें लगा कि यह पुलिस ने नहीं बच पाएंगे तो डरकर इन्होंने अपने आप को पुलिस के आगे सरेंडर कर दिया।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।