शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा, "अमृतसर (निरंकारी भवन पर) में हुए आतंकवादी हमले और गोपाल चावला के बीच संबंध है। अमृतसर उनका (सिद्धू) निर्वाचन क्षेत्र है । अगर सिद्धू उसके साथ हाथ मिलाते हैं या उसके साथ कुछ करते हैं, तो उन्हें यह स्पष्ट करने के लिए जवाब देना होगा कि उनकी प्राथमिकता देश है या कुछ और? अमृतसर के निरंकारी भवन पर 18 नवंबर को हुए ग्रेनेड हमले में तीन लोगों की मौत हो गयी थी और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।
सुखबीर ने कहा कि सिद्धू को यह पता होना चाहिए कि पंजाब में नशे के दलदल के पीछे पाकिस्तान का हाथ है। "हमारे युवाओं को मारे जाने के पीछे जनरल बाजवा हैं जिनसे वह हाथ मिलाते हैं।" कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला बोलते हुए शिअद नेता ने कहा कि राहुल गांधी के पास सिद्धू को अध्यक्ष बना कर अपनी पार्टी का विस्तार पाकिस्तान तक करने का 'बहुत बेहतर मौका है।
कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका ने सिद्धू पर हमला करने और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष गोबिंद सिंह लौंगोवाल के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के लिए शिअद की निंदा की क्योंकि लौंगोवाल की कथित तस्वीर भी चावला के साथ सोशल मीडिया में दिखाई दी थी। वेरका ने कहा, "मुझे लगता है कि सुखबीर, बादल परिवार और भाजपा सिद्धू फोबिया से पीड़ित हैं। मुझे लगता है कि वे लोग बाबा (गुरु) नानक देव से ज्यादा सिद्धू का नाम जपते हैं।" कांग्रेस नेता ने दावा किया, "लौंगोवाल चावला को बहुत अच्छी तरह जानते हैं। वह जानते हैं कि चावला (पाकिस्तान) गुरुद्वारा कमेटी का सदस्य है । उन्हें यह भी पता है कि वह हमारे देश का दुश्मन है । इसके बावजूद, लौंगोवाल ने चावला के साथ तस्वीर खिंचवाई । सिद्धू को चावला के बारे में तो जानकारी भी नहीं है।"
वेरका ने बादल से पूछा कि क्या वह शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रमुख के पद से लौंगोवाल के इस्तीफे की मांग करेंगे। इस बीच, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पूर्व प्रमुख परमजीत सिंह सरना ने दावा किया कि सिद्धू ने कई बार चावला की अनदेखी की लेकिन अमृतसर के अटारी में वह (चावला) उनके साथ एक तस्वीर खिंचवाने में कामयाब रहा।" सिद्धू, लौंगोवाल और सरना ने पाकिस्तान में शिलान्यास समारोह में भाग लिया था।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।