राम मंदिर : वीएचपी की रैली में बोले संघ नेता भैयाजी जोशी, 'भीख नहीं मांग रहे, कानून बनाए सरकार'
(India) अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के हजारों कार्यकर्ता रामलीला मैदान में इकट्ठा हुए। इस रैली की मदद से संसद के शीतकालीन सत्र से ठीक पहले मोदी सरकार पर राम मंदिर को लेकर अध्यादेश लाने का दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। रामलीला मैदान में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाहक सुरेश भैयाजी जोशी ने एक तरह से मोदी सरकार को अल्टिमेटम देते हुए कहा है कि राम मंदिर की भीख नहीं मांगी जा रही है, सरकार को कानून बनाना चाहिए। संघ के प्रमुख नेता भैयाजी जोशी ने अपने संबोधन में सुप्रीम कोर्ट पर भी टिप्पणी करते हुए कहा है कि न्यायालय की प्रतिष्ठा बनी रहनी चाहिए। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या विवाद पर सुनवाई को जनवरी तक के लिए टाल दिया था। भैयाजी जोशी ने कहा कि न्यायालय को लोगों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। संघ नेता ने कहा, 'जिस देश में न्याय व्यवस्था, न्यायालय के प्रति अविश्वास हो उसका उत्थान संभव नहीं, इस पर भी न्यायालय विचार करे।'

'सत्ता में बैठे लोग बिना झिझक अपना संकल्प पूरा करें'
वैसे तो रैली वीएचपी की थी लेकिन संघ ने भी इसी बहाने अयोध्या विवाद पर मोदी सरकार को एक सख्त संदेश देने की कोशिश की है। भैयाजी जोशी ने कहा, 'सत्ता में बैठे लोगों ने भी घोषणा की है कि मंदिर वहीं बनाएंगे, अब संकल्प पूरा करने का समय आ गया है। बिना झिझक के उन्हें इसे पूरा करना चाहिए।' संघ सरकार्यवाहक ने कड़े शब्दों में कहा, 'सत्ता में बैठे लोगों को जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए, हम भीख नहीं मांग रहे हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।