केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने दिया इस्तीफा, कांग्रेस ने एनडीए से अलग होने पर दी बधाई
(DELHI, India) राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने के बाद केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे अपने इस्तीफे में कहा कि आपके नेतृत्व द्वारा धोखा दिए जाने से मैं निराश हूं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार की प्राथमिकता गरीबों के लिए काम करना नहीं बल्कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से निपटना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार की जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। बिहार को स्पेशल पैकेज दिलाने के लिए कुछ नहीं किया गया। बिहार आज भी वहीं खड़ा है जहां वह पहले था। बिहार में स्वास्थ्य और शिक्षा का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि मैंने एनडीए छोड़ दिया, अन्य विकल्प खुले हैं।
इस्तीफे के बाद कुशवाहा बोले- उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी केंद्र सरकार
पीएम ने सामाजिक न्याय की बात की थी। हमें बहुत आश्वासन मिले। जातीय जगणना की रिपोर्ट नहीं आई। आज ओबीसी ठगे हुए महसूस कर रहे हैं। आरएलएसपी अध्यक्ष ने जेडीयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह से फेल है। नीतीश कुमार का एक ही एजेंडा है मुझे और मेरी पार्टी को खत्म करना। बीजेपी ने इसकी शुरुआत की थी। बिहार चुनाव में सभी की सीटें बढ़ाई गई, लेकिन आरएलएसपी के साथ अन्याय किया गया। बीजेपी और जेडीयू मिलकर हमारी पार्टी को खत्म करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।
कुशवाहा ने संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने और विधानसभा चुनावों के नतीजे आने से एक दिन पहले इस्तीफा दिया है। कुशवाहा के इस कदम से बिहार में राजनीतिक समीकरण पर असर पड़ सकता है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी प्रमुख पिछले कुछ सप्ताहों से बीजेपी और उसके अहम सहयोगी दल जदयू के नेता, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साध रहे हैं।
राष्ट्रीय लोक समता पार्टी प्रमुख पिछले कुछ सप्ताहों से भाजपा और उसके अहम सहयोगी दल जदयू के नेता, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साध रहे थे।
कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी सरकार से इस्तीफा देने वाले राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (रालोसपा) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को एनडीए से अलग होने के फैसले के लिए बधाई दी है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ''भाजपा और नीतीश कुमार के किसान, युवा, महिला सुरक्षा, गरीब उत्पीड़न तथा बिहार की जनता की अनदेखी से व्यथित उपेंद्र कुशवाहा जी ने भी मोदी जी को ख़ारिज कर एनडीए से बाहर जाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा, ''सत्ता को सच बताने के लिए, कुशवाहा जी को मुबारकबाद। आइये, एक नव भारत का निर्माण करें।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।