गहलोत, कमलनाथ, सिंधिया दिल्ली पहुंचे, तीनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों का आज हो सकता है ऐलान
(India) राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान गुरुवार को हो सकता है। बुधवार को तीनों ही राज्यों में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई, लेकिन मुख्यमंत्री के नाम पर एकराय नहीं बन पाई।
मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान को लेकर कवायद तेज हो गई है। कांग्रेस तीनों राज्यों में डिप्टी सीएम बनाने पर विचार कर रही है। मध्यप्रदेश में कमलनाथ और राजस्थान में अशोक गहलोत मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं। बताया जा रहा है कि सिंधिया और सचिन को उपमुख्यमंत्री बनाने में कांग्रेस को मुश्किल हो सकती है। क्योंकि दोनों नेता मुख्यमंत्री के अलावा कोई अन्य पद स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।
अब गेंद राहुल गांधी के पाले में है। माना जा रहा है कि उनकी हरी झंडी के बाद शाम तक नामों का ऐलान कर दिया जाएगा। उधर, राहुल से मिलने के लिए अशोक गहलोत, सचिन पायलट, कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया सुबह दिल्ली पहुंचे। उधर, एके एंटनी (मप्र पर्यवेक्षक) और मल्लिकार्जुन खड़गे (छग पर्यवेक्षक) और केसी वेणूगोपाल (राजस्थान पर्यवेक्षक) दिल्ली लौट आए हैं। सभी कांग्रेस अध्यक्ष को रिपोर्ट सौंपेंगे। वेणुगोपाल ने राहुल से मुलाकात भी की।
तीनों राज्यों में मुख्यमंत्री बनने के दावेदार हैं-

राजस्थान - अशोक गहलोत, सचिन पायलट
मध्यप्रदेश - कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया
छत्तीसगढ़ - भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।