बेहद खास होगा पीएम मोदी का पंजाब दौरा, 55 फीट का रोबोट करेगा पीएम का स्वागत
(India) जालंधर, [मनोज त्रिपाठी]। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंजाब दौरा बेहद खास होगा। प्रधानमंत्री का 3 फरवरी का दौरा अाम लोगों के साथ किसान आैर विज्ञान का समन्‍वय हाेगा। प्रधानमंत्री गुरदासपुर में धन्‍यवाद रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह जालंधर के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में 106वीं पांच दिवसीय राष्ट्रीय साइंस कांग्रेस का उद्घाटन करेंगे। एलपीयू उनका बेहद खास अंदाज में स्वागत होगा। एलपीयू के गेट पर यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया 55 फीट का रोबोट रोबोवर्टो उनकी आगवानी करेगा।
साइंस कांग्रेस में पहुंचने पर सबसे पहले रोबोट रोबोवर्टो प्रधानमंत्री का स्वागत करेगा। 26 टन वजन के इस रोबोट को यूनिवर्सिटी के 50 विद्यार्थियों ने तैयार किया है। 18 फीट के पैर व 20 फीट के धड़ वाला रोबोट पीएम से बातें करेगा और उन्हें मौसम व खबरों की जानकारी देगा। दो महीने की मेहनत से इस रोबोट को तैयार करवाने वाले मनदीप अपनी टीम के साथ काफी उत्साहित हैं। साइंस कांग्रेस को संबोधित करने के बाद मोदी एलपीयू के विद्यार्थियों द्वारा तैयार पहली ड्राइवरलेस सोलर बस से साइंस प्रदर्शनी तक सफर करेंगे। प्रदर्शनी में डीआरडीओ द्वारा नवीन तकनीक से विकसित किए गए रक्षा उपकरणों को रखा गया है।
पंजाब में पहली बार आयोजित हो रही साइंस कांग्रेस को लेकर यूनिवर्सिटी में उत्साह का माहौल है। युवा विद्यार्थियों के अलावा साइंस कांग्रेस में भाग लेने के लिए देश-विदेश से 15 हजार वैज्ञानिक व रिसर्च के क्षेत्र के जुड़े लोग शिरकत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व हर्षवर्धन भी रहेंगे। यह विज्ञान कांग्रेस 3 से 7 जनवरी तक चलेगी।
साइंस कांग्रेस में प्रधानमंत्री नोबल पुरस्कार विजेताओं से बातचीत भी करेंगे। फिजियोलॉजी तथा मेडिसिन के क्षेत्र में नोबल पुरस्कार विजेता प्रो. थॉमस सुडोफ, केमिस्ट्री में नोबल पुरस्कार विजेता प्रो. अवराम हशर्को तथा फिजिक्स के क्षेत्र में 2016 में नोबल पुुरस्कार विजेता डंकन माइकल हाल्डेन भी साइंस कांग्रेस में शिरकत करेंगे। साइंस कांग्रेस का उद्घाटन करने के बाद पीएम युवाओं व वैज्ञानिकों को संबोधित करेंगे।
यूनिवर्सिटी कैंपस में देश के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित किए गए अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर सबसोनिक क्रूज मिसाइल निर्भय व लक्ष्य और रुस्तम जैसे कैमरों से लैस फाइटर जेट के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए हैं। दुश्मन की सीमा में घुसकर जासूसी करने से लेकर पानी के अंदर तक दुश्मन की टोह लेने वाले उपकरणों के मॉडल को भी प्रदर्शनी में रखा गया है। डीआरडीओ की आधुनिक तकनीक व देश के वैज्ञानिकों की मेहनत प्रदर्शनी में आने वाले लोगों का सिर फख्र से ऊंचा करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर पूरा कैंपस सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सील कर दिया गया है। पुलिस के 3600 जवानों के हवाले यूनिवर्सिटी के बाहर की सुरक्षा का जिम्मा है। कैंपस के अंदर प्रधानमंत्री की सुरक्षा की कमान एसपीजी के जवानों ने अपने हाथ में ली है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।