अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले पांच साल में नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी ने देश का कबाड़ा कर दिया. आज देश का युवा परेशान है, उसके पास नौकरी नहीं है, पीएम मोदी ने नौकरी के नाम पर झूठ बोलकर धोखा दिया. आज देश में सवा करोड़ नौकरियां खत्म हो गई हैं. किसान बीजेपी से गुस्सा हैं, आत्महत्या कर रहे हैं. फसल बर्बाद होती है तो मोदी सरकार किसानों को इंश्योरेंस कंपनियों के हवाल कर देते हैं. इंश्योरेंस कंपनियां मोदी जी के दोस्तों की हैं. ये किसानों को पैसा नहीं देते हैं. बीजेपी के नेता सोशल मीडिया पर महिलाओं को गाली देते हैं और पीएम उन्हें फॉलो करते हैं. आज देश में दलितों का अत्याचार हो रहा है, मॉब लिंचिंग की घटनाओं में इनकी हत्या की जा रही है. पिछले 70 सालों में पाकिस्तान का सपना था भारत को बांटा जाए, जो 70 साल में पाकिस्तान नहीं कर पाया वो मोदी और अमित शाह ने तीन साल में कर दिया. इन्होंने हिन्दू-मुसलमान को लड़ा दिया, मुसलमान-इसाईयों से लड़ा दिया. ये दोबारा आए तो देश बर्बाद हो जाएगा. किसी भी तरह इन्हें केंद्र से उखाड़ फेंकना है. हिटलर ने देश में चुनाव खत्म कर दिया था. मोदी भी देश में चुनावों को खत्म करना चाहते हैं|
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि जो बात बंगाल से चलेगी वो पूरे देश में नजर आएगी। बीएसपी के साथ हमारे गठबंधन से देश में खुशी की एक लहर आई है। आज इस रैली से देश की जनता में एक भरोसा पैदा होगा। भाजपा का 40 दलों के साथ गठबंधन है। चुनाव के नजदीक आते ही उसने सीबीआई और ईडी से भी गठबंधन कर लिया है। लेकिन हमारा गठबंधन जनता से है। मोदी के नाम ने देश को निराश किया है।'
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा, 'नोटबंदी के जरिए इस सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को बेहाल कर दिया है। अलोकतांत्रिक नेता इस सरकार को चला रहे हैं। क्षेत्रीय दलों में लोगों के साथ जुड़ने और अपने राज्यों के हितों की रक्षा करने की मजबूत प्रवृत्ति है। यह रैली केवल एक शुरुआत है। हम इस सरकार के खिलाफ देशभर में मार्च करेंगे। यह हमारा दुर्भाग्य है कि आज केंद्र मे ऐसी सरकार है जिसका नेतृत्व करने वाले नेता को संविधान पर भरोसा नहीं है।'
बसपा के राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा, 'फैक्ट्रियां बंद हो चुकी हैं। किसान असंतुष्ट हैं, इस सरकार के अंतर्गत अल्पसंख्यक सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ऐसी सरकार को उखाड़ने की जरूरत है। यदि हम संविधान को बचाना चाहते हैं तो हमें भाजपा सरकार से मुक्ति पाने की जरूरत है। वोट के लिए भाजपा जनता से झूठ बोल रही है। बेरोजगारी बढ़ रही है। किसान, मजदूर, अल्पसंख्यकों और दलितों को सताया जा रहा है।'
डीएमके मुखिया एमके स्टालिन ने कहा, 'पीएम मोदी जहां भी जा रहे हैं वह विपक्ष पर जमकर हमला बोल रहे हैं। मोदी विपक्ष से डर गए हैं और इसलिए हमें कोस रहे हैं। वह हमारी एकता से डर गए हैं। हम सभी को भारत को बचाने के लिए एकजुट होना होगा। हमें भाजपा की विभाजनकारी नीतियों को हराना है। हम भाजपा की नीतियों से सहमत नहीं हैं। मोदी ने जनता से उनके खाते में 15 लाख देने का वादा किया था। मगर अब तक किसी के खाते में पैसे नहीं पहुंचे हैं। मोदी सरकार में पेट्रोल-डीजल, सब्जी से लेकर रोजमर्रा के सामानों के दाम आसमान छू रहे हैं।'
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।