1 मार्च से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे केजरीवाल, दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने की है मांग
(DELHI, India) दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 1 मार्च से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने वाले हैं। उन्होंने कहा है कि दिल्ली के साथ 70 सालों से अन्याय हो रहा है। ऐसे में दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हम मार्च से दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए आंदोलन करेंगे और तब तक जारी रखेंगे जब तक कि ये पूर्ण राज्य न बन जाए।
यह बात मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कही। विधानसभा में अपने भाषण की शुरुआत करते हुए केजरीवाल ने कहा क्यों दिल्ली के लोगों को लोकतंत्र में जीने नहीं दिया जा रहा है? दिल्ली की चुनी हुई सरकार को अच्छे से काम करने के लिए कोई भी शक्ति नहीं है। वो आगे बोले कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय मुद्दों को संभाल नहीं पा रहे, वह एमसीडी और दिल्ली पुलिस के बारे में क्यों चिंता कर रहे हैं। उन्हें राष्ट्रीय मुद्दों की चिंता करनी चाहिए। हमें दिल्ली संभालने दें।
केजरीवाल ने आगे कहा कि अब आंदोलन ही इस संकट से उबरने का एकमात्र जरिया है। दिल्ली के लोगों को पूर्ण राज्य के लिए सड़कों पर उतरकर लड़ाई लड़नी होगी। 1 मार्च से दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने का आंदोलन शुरू होगा। जब तक दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा नही मिलता ये आंदोलन खत्म नहीं होगा।
मुख्यमंत्री से पहले उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी सदन में भाषण दिया। उन्होंने कहा, 'एलजी के दफ्तर पर ट्रांसफर और पोस्टिंग की इंडस्ट्री लगा रखी हैं। LG के नाक के नीचे ट्रांसफर और पोस्टिंग का धंधा चल रहा है।'
सिसोदिया ने ये भी कहा कि, 'देश के 40 जवान शहीद हो गए, फिर भी उसके बाद हमारे देश के प्रधानमंत्री 4 घंटे तक मॉडलिंग और फोटोशूट करवाते रहे।'

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।