पायलट विंग कमांडर अभिनंदन को रिहा करेगा पाकिस्तान, पाक प्रधानमंत्री इमरान खान ने किया ऐलान, कल होगी वतन वापसी
(India) सीमा पर जारी भारी तनाव और भारतीय सेना के संभावित एक्शन से घबराए पाकिस्तान ने भारतीय विंग कमांडर को छोड़ने की घोषणा कर दी है। पाक संसद के साझा सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री इमरान खान ने आज कहा कि शांति का संकेत देते हुए हम भारतीय विंग कमांडर अभिनंदन को कल रिहा कर देंगे।

पाक संसद में बोलते हुए इमरान खान ने कहा कि करतारपुर कॉरिडोर को हमने तनाव कम करने के लिए खोलने का फैसला किया। हमें डर था कि चुनाव से पहले कोई ना कोई घटना जरूर होगी। इमरान खान ने कहा कि कौन सा मुल्क पुलवामा जैसी दहशतगर्दी करवाएगा? इससे पाकिस्तान को क्या मिलता? भारत ने सबूत नहीं दिया और युद्ध का हालात बना दिया गया। भारत का पुलवामा पर डॉजियर आज पाकिस्तान पहुंचा है। इससे दो दिन पहले ही भारत ने संप्रभुता, अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन किया।

हमने सेना प्रमुखों से बात की क्या कोई जवाब दिया जाए। हमें पता था कि उन्होंने बम फेंके थे, कोई हताहत नहीं हुआ तो हमने कोई ऐक्शन नहीं लिया। अगले दिन सिर्फ ये दिखाने के लिए हमारे में ताकत है, अगर आप कर सकते हैं तो हम भी कर सकते हैं। किसी को टारगेट नहीं किया गया। इमरान खान ने एक बार फिर दावा किया कि पाकिस्तान ने भारत के 2 जेट को गिराया। हमने कल भी पीएम मोदी से बात करने की कोशिश की थी।

तनाव कम करने की बात को पाकिस्तान की कमजोरी न समझा जाएः इमरान
भारत अब कोई ऐक्शन लेता है तो हमें जवाबी कार्रवाई करनी होगी। भारत कहता है कि पाकिस्तान न्यूक्लियर ब्लैकमेल कर रहा है। टेंशन से पाक या भारत किसी को फायदा नहीं होगा। शाम को मैं तुर्की के राष्ट्रपति से बात करूंगा। हालांकि तनाव कम करने को पाकिस्तान की कमजोरी न समझा जाए।

पाक विदेश मंत्री पहले ही दे दिए थे संकेत
वहीं इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि अगर पायलट (विंग कमांडर अभिनंदन) की वापसी से डि-एस्केलेशन आफ टेंशन (शांति) स्थापित होती है, तो पाकिस्तान पायलट को भी लौटने के लिए तैयार है। इसके साथ ही कुरैशी ने एक और पैंतरा चलते हुए कहा कि इमरान खान भारत के पीएम (नरेंद्र मोदी) को फोन करने को तैयार हैं। भारत ने इसका कड़ा जवाब दिया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि पायलट की जल्द रिहाई होनी चाहिए, सौदेबाजी का तो सवाल ही नहीं उठता है।

वहीं पाकिस्तान के विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा है कि भारत ने उनसे विंग कमांडर को छोड़ने की अपील की है। विदेश विभाग के प्रवक्ता शाह फैजल ने कहा कि भारत ने पायलट का मुद्दा पाक के समक्ष उठाया है। हम आने वाले दिनों में तय करेंगे कि कमाडंर पर क्या नियम लागू हों। उसे युद्धबंदी का दर्जा दिया जाए या नहीं।

साथ ही पाक विदेश विभाग के प्रवक्ता ने ये भी कहा कि भारत को लगता है कि उनके पायलट से बुरा व्यवहार किया जा रहा है तो ये सही नहीं है। भारतीय कमांडर पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है। विदेश मंत्री ने ये भी कहा कि भारत को लगता है कि पाक ने कोई सैन्य कार्रवाई की। जबकि पाकिस्तान का निशाना भारत के सैन्य ठिकाने नहीं थे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।