राहुल गांधी के राफेल के आरोपों पर बोले अरुण जेटली, 'लोग ज्यादा समझदार'
(DELHI, DELHI) केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के राफेल सौदे को लेकर लगाए गए आरोपों पर उनपर निशाना साधा। जेटली ने कहा कि राफेल सौदे में राहुल गांधी के तथ्य पूरी तरह से गलत हैं।

मीडिया को संबोधित करते हुए अरुण जेटली ने नई दिल्ली में कहा कि सरकार ने बार-बार अपनी स्थिति स्पष्ट की है। कैग ने पहले ही इसका विश्लेषण किया है। कोई भी यह दावा नहीं कर सकता है कि वह सुप्रीम कोर्ट या सीएजी से ऊपर है।वित्त मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनके अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह से गलत हैं। उन्होंने कहा कि नेताओं को समझना चाहिए कि भारत के लोग हम लोगों से ज्यादा समझदार हैं।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को वायु सेना और कैग पर भरोसा नहीं है, तो क्या वह पाकिस्तान पर भरोसा करना चाहते हैं? राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'पहले राफेल का पैसा चोरी हुआ, और अब फाइल चोरी हो गई।' वहीं, राहुल गांधी ने गुरुवार सुबह संवाददाताओं से कहा कि एक नई लाइन सामने आई है-गायब हो गया। दो करोड़ रोजगार गायब हो गया। किसानों को सही दाम मिलना था, वो गायब हो गया। किसानों के बीमा का पैसा गायब हो गया। 15 लाख रुपया गायब हो गया। अब राफेल की फाइलें गायब हो गईं। इसका मतलब कि ये फाइलें सच्ची हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि 'न्याय सबके लिए होना चहिए। एक तरफ आप कह रहे हैं कि कागज गायब हो गए हैं। इसका मतलब है कि ये सच्चे हैं। इन कागजों में साफ है कि प्रधानमंत्री ने समानांतर बातचीत की है। इनके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।