लोकसभा चुनाव 2019: 28 मार्च को कांग्रेस में शामिल होंगे शत्रुघ्न सिन्हा
(DELHI, DELHI) बागी भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा 28 मार्च को कांग्रेस का हाथ थामेंगे। पटनासाहिब से टिकट कटने के बाद सिन्हा 28 मार्च को दिल्ली में कांग्रेस ज्वॉइन करेंगे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें बिहार की पटनासाहिब सीट से अपना उम्मीदवार बना सकती है। वह इस सीट से लगातार दो बार भाजपा के टिकट पर जीत चुके हैं। बीजेपी ने इस बार केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को पटनासाहिब से टिकट दिया है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से सिन्हा मोदी सरकार और बीजेपी पर जमकर हमला बोल रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने राहुल गांधी की जमकर तारीफ की थी और उन्हें 'मास्टर ऑफ सिचुएशन' बताया।

इससे पहले सिन्हा के (राष्ट्रीय जनता दल) राजद में शामिल होने की भी अटकलें लगाई जा रही थीं। उन्होंने रांची रिम्स में भर्ती राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से भी मुलाकात की थी। राजद के नेता भी इस तरह के संकेत दे रहे थे कि शत्रुघ्न सिन्हा उनके बड़े हैं, वह पार्टी में शामिल होना चाहें तो उनका स्वागत है। पर बाद में साफ हुआ कि वह कांग्रेस में शामिल होंगे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से मुलाकात भी की है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।