केरल की वायनाड सीट से नामांकन दाखिल करेंगे राहुल गांधी, प्रियंका के साथ रोड शो में भरेंगे हुंकार
(Mananthavady, Wayanad) केरल की वायनाड सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी वायनाड पहुंचने वाले हैं। उनके कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव किया गया है। अब, नामांकन दाखिल करने के बाद वह रोड शो करेंगे। इस दौरान उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी साथ होंगी।

कांग्रेस ने रविवार को घोषणा की थी कि राहुल गांधी अपनी परंपरागत सीट अमेठी के अलावा केरल में वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ेंगे। सीपीआई उम्मीदवार पीपी सुनीर और एनडीए उम्मीदवार तुषार वेल्लापल्ली से उनकी टक्कर होगी। वायनाड को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। 2009 और 2014 के लोकसभा चुनावों में भी इस सीट पर कांग्रेस ने अपना परचम लहराया था।

2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को वायनाड लोकसभा सीट पर महज 20,870 वोटों के अंतर से जीत हासिल हुई थी। कांग्रेस उम्मीदवार एमआई शानवास ने सीपीएम के सत्यन मोकेरी से 1.81 प्रतिशत ज्यादा मत हासिल किए थे। शानवास को 3,77,035 और मोकेरी को 3,56,165 वोट मिले थे। वहीं, भाजपा के पीआर रस्मिलनाथ ने 80,752 वोट हासिल किए। कांग्रेस को यहां 41.2 प्रतिशत और सीपीएम को 39.39 प्रतिशत वोट मिले थे।

2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के एमआई शानवास ने सीपीआई के प्रत्याशी एम रहमतुल्लाह को करीब 1.5 लाख वोटों से पछाड़ा था। इस दौरान शानवास को 4,10,703 और रहमतुल्लाह को 2,57,264 वोट मिले थे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।