हमारे सहयोगी हिन्दुस्तान टाइम्स के अनुसार, कांग्रेस ने पत्र में कहा है कि नामांकन दाखिल करने के बाद जिस समय राहुल गांधी पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, उस समय राहुल गांधी के सिर के हिस्से पर हरे रंग की लेजर से टार्गेट किया गया था।
वहीं, कांग्रेस के पत्र को लेकर गृहमंत्रालय ने जवाब दिया है कि हमें राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक को लेकर कोई पत्र नहीं मिला है। रिपोर्ट के माध्यम से जब हमें यह जानकारी प्राप्त हुई तो हमने एसपीजी डायरेक्टर से जानकारी मांगी। गृह मंत्रालय ने कहा कि एसपीजी डायरेक्टर ने बताया है कि हरी लाइट एआईसीसी फोटोग्राफर द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल की वजह से आई।
पत्र में कांग्रेस के नेताओं ने लिखा कि हरे रंग की लेजर लाइट से राहुल गांधी के सिर को निशाना बनाते हुए सात बार टार्गेट किया गया। कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और इंदिरा गांधी (राहुल गांधी के पिता और दादी) की हत्या का जिक्र किया है।
इस घटना को यूपी प्रशासन की ओर से एक खतरनाक चूक बताते हुए कांग्रेस ने सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेसी नेता अहमद पटेल, जयराम रमेश और रणदीप सिंह सुरजेवाला द्वारा साइन किए गए पत्र में सरकार से कहा गया है कि किसी भी राजनीतिक मतभेद के बावजूद राहुल गांधी की सुरक्षा आपकी सरकार और मंत्रालय की पहली ज़िम्मेदारी है।
बता दें कि राहुल गांधी ने बुधवार को अमेठी में नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान राहुल ने डीएम ऑफिस के बाहर मौजूद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राफेल मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले पर केंद्र सरकार को घेरा था।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।