तमिलनाडु: IT रेड में 1.48 करोड़ का कैश टीटीवी दिनाकरण के पार्टी वर्कर से मिला
(TAMILNADU, TAMILNADU) आयकर विभाग ने तमिलनाडु के थेनी जिले में टीटीवी दिनाकरण नेतृत्व वाले अम्मा मक्कल मुनेत्र कझगम (एएमएमके) के कार्यकर्ता के रात भर चली छापेमारी की कार्रवाई पूरी कर ली है। आयकर विभाग ने इस छापेमारी में 1.48 करोड़ रुपये नकद जब्त किए है। बताया जा रहा है कि तमिलनाडु के थेनी लोकसभा क्षेत्र में संदिग्ध धन होने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने एक दुकान पर छापा मारा था।

छापेमारी के दौरान दिनाकरण नेतृत्व वाले अम्मा मक्कल मुनेत्र कझगम (एएमएमके) के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवा में गोलियां चलानी पड़ीं। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त निगरानी दस्ते के अधिकारी और आयकर विभाग के अधिकारियों की एक टीम छापा मारने पहुंची और उन्होंने वहां से नोटों के बंडल बरामद किए। यह धन कथित तौर पर मतदाताओं को बांटा जाना था।



इस दल के थेनी जिले के अन्दिप्पत्ति स्थित एक दुकान पर पहुंचने पर दुकानदार दुकान का शटर गिरा फरार हो गया। ऐसा माना जा रहा है कि यह दुकान एएमएमके के एक समर्थक की है। उन्होंने बताया कि इसके बाद पार्टी के समर्थकों तथा अधिकारियों के बीच झड़प हो गई और हंगामा होने पर पुलिस ने हवा में चार बार गोलियां चलाईं।

वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है। इस सिलसिले में एएमएमके के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, '' बरामद किए गए लिफाफों पर वार्ड नंबर और मतदाताओं की संख्या लिखी हुई है इसके अलावा प्रत्येक लिफाफे पर 300 रुपए लिखे हुए हैं। छापे की कार्रवाई जारी है।




गौरतलब है कि तमिलनाडु में दूसरे चरण में 18 अप्रैल को मतदान होना है। चुनाव आयोग मतदाताओं को लुभाने के लिए अवैध नकदी के आरोपों के चलते वैल्लोर संसदीय क्षेत्र में पहले ही चुनाव रद्द कर चुका है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।