बंगाल में अमित शाह की रैली: कोलकाता पुलिस ने हटाए पीएम मोदी के बैनर-पोस्टर, ममता पर भड़की भाजपा
(WESTBENGAL, India) पश्चिम बंगाल में भाजपा और टीएमसी के बीच रार बढ़ती जा रही है। कोलकाता में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली से पहले राज्य पुलिस सभा की अनुमति के कागजात मांगने पहुंची। पेपर नहीं दे पाने पर मंच तोड़ने को कह डाला। बढ़ते विवाद के बीच भाजपा कार्यकर्ता रैली स्थल पर जमे ही थे कि इधर, सड़कों पर से पीएम मोदी और अमित शाह समेत भाजपा के कई होर्डिंग, पोस्टर और बैनर हटा दिए गए।
कोलकाता पुलिस का कहना है कि चुनाव आयोग के निर्देश पर पोस्टर-बैनर हटाए गए हैं। आयोग के अधिकारियों के अनुसार, आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है। इधर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी और टीएमसी पर मनमर्जी करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेता मुकुल रॉय, बाबुल सुप्रियो और पार्टी के अन्य नेताओं ने इस कार्रवाई की भर्त्सना की है। मालूम हो कि सातवें चरण के लिए अमित शाह उत्तर कोलकाता लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए रोड शो और रैली करने वाले थे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने टीएमसी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक के बाद एक ट्वीट कर ममता सरकार पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि ये नागवार हरकत ठीक नहीं! भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जी की कोलकाता रैली को फेल करने के लिए ममता सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही! स्वागत मंच नहीं लगाने दिए गए और सड़क के दोनों और लगाए गुब्बारे और होर्डिंग भी निकाल दिए गए। ये राजनीतिक वैमनस्यता बहुत भारी पड़ेगी दीदी!

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।