लोकसभा चुनाव :एग्जिट पोल के बाद शेयर बाजार में रौनक, 962 अंक तक उछला सेंसेक्स
(India) एग्जिट पोल में सत्तारूढ़ दल और एनडीए गठबंधन के सत्ता में आने के संकेत से सोमवार को शेयर बाजार में निवेशकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। BSE का सेंसेक्स 960 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 287 अंक की बढ़त बनाने में कामयाब रहा। बाजार में शुरू से ही तेजी देखी गई। सेंसेक्स 770.41 अंक की बढ़त से 38701.18 पर खुला और कुछ ही देर में 38892.89 अंक पर पहुंच गया। खबर लिखे जाते समय यह 38694 अंक पर था।

निफ्टी भी 244.75 अंक की छलांग लगाकर 11651.90 अंक पर खुला और 11694.10 अंक पर पहुंच गया। खबर लिखे जाते समय तक यह 11642.25 अंक पर बना हुआ था। शुरुआती कारोबार में रुपया भी 79 पैसे की बढ़त के साथ खुला। यह 69.44 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। रविवार शाम जारी विभिन्न एग्जिट पोल में एनडीए की 300 या उससे ज्यादा सीटें आती दिख रही हैं। चुनाव परिणाम 23 मई को आने हैं।

इससे पहले विशेषज्ञों ने अंतिम चुनाव नतीजों तक शेयर बाजार का रुख असमंजस वाला रहने का अनुमान जताया था। एपिक रिसर्च के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुस्तफा नदीम ने कहा था कि, इस सप्ताह एक ऐसा घटनाक्रम है जो दीर्घावधि के लिए बाजार का रुख तय करेगा। इसी से संपत्ति सृजन का रुख तय होगा। चुनाव नतीजे इस तरह के राजनीतिक घटनाक्रम होते हैं जो वर्षों के लिए रुख तय करते हैं। ऐसे में यह अर्थव्यवस्था और निवेशकों की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।