लोकसभा चुनाव 2019:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह की नतीजों से पहले 'डिनर डिप्लोमेसी'
(DELHI, DELHI) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष अमित शाह मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं के साथ रात्रिभोज पर मुलाकात करेंगे। लोकसभा चुनाव के नतीजों से दो दिन पहले बुलाए गए इस रात्रिभोज को बीजेपी की डिनर डिप्लोमेसी के रूप में देखा जा रहा है।

बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) प्रमुख नीतीश कुमार मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह के रात्रिभोज में शामिल होंगे। हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव की मतगणना से दो दिन पहले आयोजित बैठक में मतगणना के बाद की रणनीति बनाई जा सकती है। रात्रिभोज से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता पार्टी मुख्यालय पर भी मुलाकात कर सकते हैं।

इस रात्रिभोज में शामिल होने के लिए नीतीश कुमार मंगलवार दोपहर 2.39 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। नीतीश कुमार के एक करीबी नेता ने कहा कि एग्जिट पोल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान जताए जाने के कारण शाह मतगणना के बाद के लिए रणनीति बना सकते हैं। केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान भी इस बैठक में शामिल होंगे।

शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल इस बैठक में अनुपस्थित रह सकते हैं और इस स्थिति में वे अपने प्रतिनिधि भेज सकते हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।