मोदी सरकार में मंत्रालयों का बंटवारा, अमित शाह गृह मंत्री तो राजनाथ सिंह बने रक्षा मंत्री
(DELHI, DELHI) बीजेपी के कद्दावर नेता अमित शाह देश के नए गृह मंत्री होंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नई राजग सरकार में शुक्रवार को राजनाथ को रक्षा मंत्रालय, निर्मला सीतारमण को वित्त और पूर्व नौकरशाह एस जयशंकर को विदेश मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली पहली सरकार में राजनाथ सिंह गृह मंत्री थे जबकि निर्मला सीतारमण रक्षा मंत्री थीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, परमाणु ऊर्जा एवं महत्वपूर्ण नीति से जुड़े मुद्दों वाले तथा बिना आवंटित विभाग रहेंगे।

राष्ट्रपति भवन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व विदेश सचिव रहे एस जयशंकर भारत के नए विदेश मंत्री बनाए गए हैं। अमेठी की सांसद स्मृति ईरानी को महिला एवं बाल विकास तथा कपड़ा मंत्रालय मिला । पीयूष गोयल फिर से रेल मंत्री बनाये गए हैं। निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्रालय का प्रभार दिया गया है जबकि प्रकाश जावड़ेकर को सूचना एवं प्रसारण तथा वन एवं पर्यावरण मंत्रालय दिया गया है।

नितिन गडकरी सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री बने रहेंगे और इसी प्रकार धर्मेन्द्र प्रधान के पास पेट्रोलियम एवं इस्पात मंत्रालय बना रहेगा । गजेन्द्र सिंह शेखावत को नये जल शक्ति मंत्रालय का प्रभार दिया गया है। राम विलास पासवान उपभोक्ता मामलों के मंत्री बने रहेंगे । नरेन्द्र सिंह तोमर नये कृषि मंत्री होंगे, उनके पास ग्रामीण विकास मंत्रालय भी रहेगा। डॉ हर्षवर्द्धन को स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय दिया गया है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।