केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पे फलाहार का आयोजन करते और सुंदर सुदंर फ़ोटो आते?...अपने कर्म धर्म में हम पिछड़ क्यों जाते और दिखावे में आगे रहते है?
आपको बता दें कि सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के आवास पर आयोजित इफ्तार पार्टी में नए राजनीतिक समीकरण के संकेत दे दिए। इस पार्टी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आए और आते ही कार्यकर्ताओं, समर्थकों के आग्रह पर जीतन राम मांझी सगले मिले। वे करीब 13 मिनट तक आवास पर रहे और लगातार श्री मांझी से बातें करते रहे। इस मौके पर उनके साथ विधानसभाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी भी थे।
मुख्यमंत्री के आने के चंद मिनट पूर्व ही महागठबंधन के सारे नेता वहां से विदा हो गए। मुख्यमंत्री के जाने के बाद मीडिया से बातें करते हुए श्री मांझी ने साफ कहा कि इफ्तार पार्टी के कोई राजनीतिक मायने नहीं निकालना चाहिए पर राज्य को विशेष राज्य का दर्जा देने, कॉमन सिविल कोड, धारा 370 आदि मुद्दों पर उनकी राय नीतीश कुमार के साथ है। साम्प्रदायिक शक्तियों के मुखालफत करने के सवाल पर भी हम साथ हैं। एक सवाल पर कहा कि राजनीति में कोई किसी का दुश्मन नहीं हो सकता है। वे महागठबंधन के साथ हैं। भाजपा को भगाने में नए लोग साथ आएं तो अच्छा है।
वहीं, केंद्रीय मंत्री और लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान की ओर से सोमवार को आयोजित दावत-ए-इफ्तार में राज्यपाल लाल जी टंडन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई मंत्री, सांसद आदि नेता पहुंचे। लोकसभा चुनाव में एनडीए की शानदार जीत के बाद हुए इस दावत-ए-इफ्तार में नेताओं की खुशी दोगुनी थी। हर बार की तरह रामविलास पासवान स्वयं सभी आगंतुकों के स्वागत में व्यस्त दिखे। इस कार्य में सांसद चिराग पासवान भी उनका सहोयग कर रहे थे। मुख्यमंत्री करीब आधे घंटे तक यहां रुके। इस मौके पर सभी नेता राजनीतिक बयान देने से परहेज किये। हालांकि पत्रकारों के सवाल पर रामविलास पासवान ने कहा कि एनडीए में ऑल इज वेल है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।