श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले हुआ बड़ा हमला, मतदाताओं को लेकर जा रही बसों पर चलाई गोलियां
(India) श्रीलंका में 16 नवंबर शनिवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान हैं। वोटिंग से करीब
एक घंटेभर पहले एक बड़ा हमला हुआ है। श्रीलंका में वोटरों को ले जा रही बस के काफिले पर बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी है। ईस्टर में चर्चों पर हुए हमले के बाद यह देश में पहला बड़ा चुनाव है। कड़ी सुरक्षा के बावजूद तंतिरीमाले में शनिवार सुबह कुछ अज्ञात हमलावरों ने मुस्लिमों से भरी बसों पर गोलीबारी कर दी। इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिल रही है। हमला देश के उत्तरपश्चिमी इलाके में हुआ।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों ने रास्ता रोकने के लिए सड़क पर टायर भी जला रखे थे। हमला सुनियोजित तरीके से किया गया। पुलिस ने बताया कि करीब 100 गाड़ियां हमले का निशाना बनी। हमलावरों ने न सिर्फ गोलियां बरसाईं बल्कि पत्थरबाजी भी की। इसकी चपेट में कम से कम दो बसें आ गई।

जानकारी के अनुसार मुस्लिम वोटरों को श्रीलंका के तटीय शहर पुत्तलम से मन्नार ले जाया जा रहा था। आपको बता दें कि इससे पहले ही पुलिस ने कम से कम 90 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को मतदाताओं को धमकाने के जुर्म में हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटना के बाद मौके पर पहुंचकर इलाके की नाकाबंदी कर ली। बसों को पुलिस और सुरक्षाबलों कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।